उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो साल से फरार चल रही ₹5000 की इनामी मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में उसका प्रेमी पहले ही जेल जा चुका है।
.
पुलिस के अनुसार, यह घटना 18 जुलाई 2023 को सामने आई थी। संजय नगर, आगर रोड निवासी सोनु सोनगरा ने सूचना दी थी कि खिलचीपुर निवासी राजकुमार (45) ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर मर्ग क्रमांक 31/23 धारा 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पत्नी के अवैध संबंध की जानकारी के बाद किया प्रताड़ित
जांच के दौरान मृतक राजकुमार का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग बताया गया। पुलिस जांच और साक्षियों के बयानों से खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी के सोनु सोनगरा के साथ अवैध संबंध थे। इस बात की जानकारी राजकुमार को हो गई थी, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इससे राजकुमार मानसिक रूप से परेशान रहता था।
पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि मृतक की पत्नी और सोनु सोनगरा लगातार राजकुमार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसा रहे थे। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 34 (सामान्य आशय) भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद से फरार थी
इस प्रकरण में पुलिस ने आरोपी सोनु सोनगरा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था, जो वर्तमान में जेल में है। वहीं, मृतक की पत्नी घटना के बाद से ही फरार चल रही थी। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर उज्जैन पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना के आधार पर चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने फरार महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।