उमरिया जिले के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला क्षेत्र में शुक्रवार रात वन विभाग ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। यह कार्रवाई वन एवं वन्य प्राणियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई, जिसमें ताला बैरियर पर गाड़ियों को रोककर जांच और चालकों से पूछताछ की गई। बीटीआर प्रबंधन के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पर्यटकों को निर्धारित नियमों का पालन कराना है। अक्सर देखा जाता है कि रिसॉर्ट और होटलों में ठहरे पर्यटक रात के समय बाघ देखने की उत्सुकता में सड़कों और जंगल के आसपास घूमने निकल जाते हैं। ऐसी गतिविधियों से वन्य प्राणियों की गतिविधियों में बाधा उत्पन्न होती है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई। ताला परिक्षेत्र अधिकारी राहुल किरार ने बताया कि ताला से परासी मार्ग के बीच कई ऐसे स्थान हैं जहां बाघ सहित अन्य वन्य प्राणियों की लगातार आवाजाही रहती है। राहगीरों और पर्यटकों को इन स्थानों पर अनावश्यक रूप से रुकने से बचने की सलाह दी गई है। जांच के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई। बीटीआर टीम ने स्पष्ट किया है कि रात के समय नियमों का उल्लंघन कर जंगल मार्ग पर अनावश्यक घूमने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कुछ वाहनों की विस्तृत जांच भी की गई और सभी को वन्य प्राणियों को देखकर सड़क पर न रुकने की हिदायत दी गई।
Source link