Last Updated:
Bhopal News: मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि देश के हर राज्य का हर नागरिक और हर वोटर यह चाहता है कि उसके प्रदेश में भी डबल इंजन की सरकार हो. केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार और राज्य में भाजपा की सरकार हो. ये चुनाव एक बार फिर बीजेपी और नरेंद्र मोदी मय होगा.
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी.
रिपोर्ट- रमाकांत दुबे, भोपाल. चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा. 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी. तमिलनाडु में एक चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी. असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. पांचों राज्यों के चुनावी नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे. वहीं इन राज्यों में विधानसभा चुनावों को लेकर नेताओं की प्रतिक्रिया भी आने लगी है. मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने पांच राज्यों में चुनाव तारीखों की घोषणा को लेकर कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जलवा है. पीएम मोदी ने डबल इंजन की सरकार की भाषा को प्रतिपादित किया है.
मंत्री ने कहा कि देश के हर राज्य का हर नागरिक और हर वोटर यह चाहता है कि उसके राज्य में भी डबल इंजन की सरकार हो. केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार और प्रदेश में भाजपा की सरकार हो. ये चुनाव एक बार फिर भाजपा और नरेंद्र मोदी मय होगा. डबल इंजन की सरकार के माध्यम से हर राज्य में विकास हो रहा है. पश्चिम बंगाल में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतकर सरकार में आएगी. ममता दीदी के बंगाल में वैमनस्य और विघटन की राजनीति का अंत होगा. बंगाल में नया सवेरा होगा, कमल खिलेगा और नरेंद्र मोदी के विश्वास के साथ भाजपा की सरकार बनेगी.
टीएमसी 250 से ज्यादा सीटें जीतेगी: कुणाल घोष
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा पर कहा कि पश्चिम बंगाल केंद्र सरकार की बदले की राजनीति, बंगाल को वंचित करने की राजनीति, बंगाल के लोगों का अपमान करने के खिलाफ, बांग्ला भाषा का अपमान, SIR के नाम पर वे जो लोगों को परेशान कर रहे हैं, उसके खिलाफ वोट करेगा. बीजेपी और भी बुरी तरह हारेगी. टीएमसी 250 से ज्यादा सीटें जीतेगी. ममता बनर्जी 250 से अधिक विधायकों के साथ सत्ता में वापस आएंगी.
हर बूथ पर लगेंगे कैमरे
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव की तारीखों की घोषणा करते हुए कहा कि इस बार 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग होगी, यानी हर बूथ पर कैमरे लगाए जाएंगे. हर वोटर कैमरे की नजर में होगा. आयुक्त ने मतदाता सूची के लिए शानदार काम करने वाले हर बीएलओ की सराहना की. चुनाव आयुक्त ने कहा, ‘हमने युवा और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं के साथ-साथ मतदाता जागरूकता से जुड़े स्वीप (SVEEP) आइकॉन्स से भी बातचीत की है. जैसा कि आप सभी जानते हैं, ये पांच राज्य और केंद्र शासित प्रदेश भारत के अलग-अलग भौगोलिक और सांस्कृतिक परिदृश्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं. ये चुनाव केवल एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं हैं बल्कि भारत की सांस्कृतिक विविधता को भी दर्शाते हैं और सच्चे अर्थों में हमारे राष्ट्र की अनेकता में एकता की तस्वीर पेश करते हैं.’
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.