सीसीटीवी से आरोपी गिरफ्तार, सामान और नकदी बरामद: नेपानगर में ताला तोड़कर 12 हजार का माल ले गए थे, बाइक के साथ एक आरोपी पकड़ा – Burhanpur (MP) News

सीसीटीवी से आरोपी गिरफ्तार, सामान और नकदी बरामद:  नेपानगर में ताला तोड़कर 12 हजार का माल ले गए थे, बाइक के साथ एक आरोपी पकड़ा – Burhanpur (MP) News




बुरहानपुर के नेपाननगर क्षेत्र में एक किराना दुकान में हुई चोरी का मामला सुलझ गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह चोरी 28 जनवरी 2026 को सीवल बस स्टैंड स्थित दिव्यानी किराना दुकान में हुई थी, जिसमें घी, तेल, काजू और 8000 रुपये नकद सहित सामान चोरी हुआ था। फरियादी अरविंद पिता हीरालाल जैन (54), निवासी ग्राम सीवल, ने 28 जनवरी 2026 को नेपानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी दिव्यानी किराना दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सामान चुरा लिया। चोरों ने दुकान से आधा-आधा किलो घी के 4 पैकेट, एक-एक किलो रिफाइंड तेल के 7 पैकेट, 2 किलो काजू और गल्ले से 8,000 रुपये नकद चुराए थे। कुल 12,000 रुपये का सामान चोरी हुआ। फरियादी की शिकायत पर नेपानगर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(a) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मुंह ढंककर कर रहे थे चोरी जांच के दौरान पुलिस ने फरियादी की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में रात के समय दो अज्ञात व्यक्ति मुंह ढंककर चोरी करते हुए दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ग्राम सीवल और आसपास के नेपानगर, नावरा क्षेत्र के बदमाशों की तलाश की गई। अज्ञात आरोपियों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डालमऊ निवासी पप्पू पिता हरदास चौहान (18) और उसका एक नाबालिग साथी नेपानगर व नावरा क्षेत्र के गांवों में रात में घरों और दुकानों में घुसकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानु जायसवाल ने बताया कि सूचना के आधार पर पप्पू चौहान और उसके नाबालिग साथी से गहन पूछताछ की गई। उन्होंने नेपानगर और नावरा क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि 28 जनवरी 2026 की रात करीब 12 बजे वे अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (MP68-ZC-9172) से सीवल स्थित दिव्यानी किराना दुकान पहुंचे थे। वहां उन्होंने सरिये से ताला तोड़ा और दुकान में घुसकर 12,000 रुपये का किराना सामान चुराकर अपने घर डालमऊ ले गए। पुलिस ने आरोपियों से एक बाइक भी बरामद की है।



Source link