Last Updated:
Sidhi News: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत में गैस और पेट्रोल की कमी की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं. लेकिन मध्य प्रदेश के सीधी जिले से राहत भरी खबर सामने आई है जहां सप्लाई पूरी तरह सामान्य है. प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है. गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. जानिए क्या है पूरी सच्चाई और क्यों लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की जा रही है.
Gas Cylinder Crisis Ground Reality: मध्य-पूर्व में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बीच पूरे देश में तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं. कहीं गैस सिलेंडर खत्म होने की बात हो रही है तो कहीं पेट्रोल-डीजल की किल्लत की चर्चा है. लेकिन अगर आप मध्य प्रदेश के सीधी जिले में हैं, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है.
सब कुछ नॉर्मल है
सीधी शहर की प्रताप गैस एजेंसी पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने साफ कहा कि उन्हें बिना किसी परेशानी के गैस सिलेंडर मिल रहा है. प्रमोद जायसवाल और रामजी गौतम जैसे उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग के अनुसार समय पर सिलेंडर मिल रहा है और कहीं कोई दिक्कत नहीं है.
एजेंसी ने भी किया साफ
प्रताप गैस एजेंसी के कर्मचारी रवि सिंह ने बताया कि गैस की कोई कमी नहीं है. सभी ग्राहकों को नियमित रूप से सिलेंडर दिए जा रहे हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य तरीके से ही गैस लें.
प्रशासन अलर्ट मोड में
डिप्टी कलेक्टर और जिला आपूर्ति अधिकारी प्रियल यादव ने साफ कहा कि जिले में एलपीजी और पेट्रोलियम की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है. प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है.
स्टॉक भी है भरपूर
जिले में इस समय 3996 गैस सिलेंडर स्टॉक में हैं, जबकि रोजाना करीब 2036 सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं. ये सामान्य दिनों से भी ज्यादा है, यानी किसी तरह की कमी का सवाल ही नहीं उठता.
सख्ती भी जारी
प्रशासन ने अलग-अलग पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया, जहां सब कुछ संतोषजनक मिला. वहीं, होटल और दुकानों में घरेलू गैस के गलत इस्तेमाल पर 11 सिलेंडर जब्त किए गए और सख्त चेतावनी दी गई. प्रशासन ने साफ कहा है कि लोग घबराकर गैस का स्टॉक न करें और अफवाहों से बचें. जरूरत के अनुसार ही बुकिंग करें और व्यवस्था पर भरोसा रखें.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें