सतना में शनिवार देर रात सामान ढुलाई करते समय एक मजदूर की मौत हो गई। घटना रात करीब 11 बजे की है। मृतक बाबूलाल साहू (50) लालटा चौक स्थित एक गोदाम से साबूदाना की बोरियां हाथ ठेले पर लादकर कंपनी बाग स्थित एक किराना दुकान पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें अचानक चक्कर आया और वे बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद राहगीर और व्यापारी तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे और होश में लाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसी बीच उनका एक रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गया। डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से बाबूलाल को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी। बाबूलाल साहू कुड़िया (थाना सिविल लाइन) के निवासी थे और पिछले करीब 15 साल से शहर में माल ढुलाई का काम कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, सामान पहुंचाने के बाद उन्हें गांव लौटना था। घटना की सूचना परिवार को दे दी गई है।
Source link