दतिया में तापमान में गिरावट से वायरल बीमारी बढ़ीं: डॉक्टर बोले- रोग-प्रतिरोधक क्षमता पर पड़ता है असर, ठंडी चीजें से करें परहेज – datia News

दतिया में तापमान में गिरावट से वायरल बीमारी बढ़ीं:  डॉक्टर बोले- रोग-प्रतिरोधक क्षमता पर पड़ता है असर, ठंडी चीजें से करें परहेज – datia News




दतिया में मार्च के तीसरे सप्ताह में आमतौर पर तेज गर्मी का असर देखने को मिलता है, जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। लेकिन इस बार मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। सोमवार को दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे और दिनभर लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं। इस बदलाव के चलते अधिकतम तापमान गिरकर 32.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान बढ़कर 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, इस असामान्य बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। जिसके कारण बादल छाए हुए हैं और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आमतौर पर इस समय तक गर्मी अपने तेवर दिखाने लगती है, लेकिन फिलहाल मौसम में हल्की ठंडक और नमी बनी हुई है। मौसम में आए इस बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। शहर के अस्पतालों और क्लीनिकों में वायरल बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। खासकर तेज खांसी, जुकाम, गले में खराश और हल्के बुखार के मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। डॉ. हेमंत जैन का कहना है कि बदलते मौसम में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सुबह-शाम हल्की ठंडक के कारण गर्म कपड़े पहनें, ठंडी चीजों से परहेज करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। साथ ही, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और संतुलित आहार लेने की भी सलाह दी गई है। मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी बढ़ा दी हैं। आने वाले दिनों में मौसम के फिर से गर्म होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।



Source link