भास्कर संवाददाता | राजगढ़ प्रदेश शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य 1 अप्रैल से शुरू किया जाएगा, जिसके बाद ही किसानों के हाथों में पैसा आएगा, लेकिन इसके पहले ही सहकारी सोसायटियों ने ऋण चुकाने की अंतिम तिथि 28 मार्च निर्धारित कर दी है। किसानों में परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में शासन से ऋण भुगतान की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग उठाई गई है। सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में जिला किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों ने यह मांग रखी। ज्ञापन किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भगवान सिंह बागड़ी, पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में एसडीएम निधि भारद्वाज, तहसीलदार अनिल शर्मा को सौंपा गया। जिसमें सहकारी ऋण भुगतान की तिथि बढ़ाने के साथ ही सोयाबीन ऑयल के टैक्स फ्री आयात पर रोक लगाने, गेहूं 4000 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर खरीदी करने की मांग की गई।
Source link