मैहर मां शारदा के VIP दर्शन के नाम पर दलाली: पुलिस ने 4 दलाल पकड़े; 500 रुपए लेकर करवा रहे थे VIP दर्शन – Maihar News

मैहर मां शारदा के VIP दर्शन के नाम पर दलाली:  पुलिस ने 4 दलाल पकड़े; 500 रुपए लेकर करवा रहे थे VIP दर्शन – Maihar News




मैहर चैत्र नवरात्र मेला के दौरान श्रद्धालुओं से वीआईपी दर्शन के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मैहर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये दलाल प्रति व्यक्ति 500 रुपए लेकर श्रद्धालुओं को मंदिर में आसानी से दर्शन कराने का झांसा दे रहे थे। सभी आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को छत्तीसगढ़ का एक परिवार ट्रेन से मैहर रेलवे स्टेशन पहुंचा। ऑटो से मंदिर जाते समय सचिन पटेल नामक युवक ने उन्हें वीआईपी दर्शन कराने का झांसा दिया। उसने प्रति व्यक्ति 500 रुपए का शुल्क बताया, जिस पर परिवार के छह सदस्यों ने उसे पैसे दे दिए। चार दलालों को पुलिस ने गिरफ्तार किया हालांकि, जब परिवार रोपवे पर पहुंचा, तो वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। पूछताछ के दौरान दर्शन के नाम पर दलाली का यह मामला सामने आया। इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और सचिन समेत अन्य दलालों की तलाश शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान दलाली गिरोह में शामिल अजीत पुत्र रामसुंदर कुशवाहा (30) निवासी पोंड़ी, आलोक पुत्र रोहिणी शुक्ला (20) निवासी पोंड़ी, पंकज पुत्र रामप्रसाद विश्वकर्मा (24) निवासी झुरखुलू, थाना उचेहरा, और रोहित पुत्र धीरेन्द्र भट्ट (25), निवासी झुरखुलू, थाना उचेहरा को गिरफ्तार कर लिया गया। इन सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।



Source link