गंजबासौदा कृषि उपज मंडी में गुरुवार से लगातार नौ दिनों तक डाक नीलामी का कार्य बंद रहेगा। चैत्र नवरात्रि, रामनवमी, महावीर जयंती और मार्च क्लोजिंग (बैंकों की लेखा बंदी) जैसे महत्वपूर्ण कारणों से यह निर्णय लिया गया है। मंडी में अब व्यापारिक गतिविधियां और नीलामी 3 अप्रैल के बाद ही नियमित रूप से शुरू हो सकेंगी। त्यौहारों और मार्च क्लोजिंग का दोहरा असर मंडी प्रशासन के अनुसार, 26 मार्च को चैत्र नवरात्रि की अष्टमी और 27 मार्च को रामनवमी व महावीर जयंती का अवकाश रहेगा। इसके तुरंत बाद वित्तीय वर्ष की समाप्ति के कारण बैंकों में ‘मार्च क्लोजिंग’ का कार्य चलेगा। इन सभी प्रशासनिक और धार्मिक कारणों के चलते मंडी समिति ने 3 अप्रैल तक डाक नीलामी स्थगित रखने का फैसला किया है। किसानों और हम्मालों के लिए मुनादी की मंडी में अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था को रोकने के लिए समिति ने मुनादी कराकर सभी किसानों, व्यापारियों और हम्मालों को सूचित कर दिया है। किसानों से अपील की गई है कि वे इस अवकाश अवधि के दौरान अपनी उपज लेकर मंडी न आएं, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। 4 अप्रैल से शुरू होगी नियमित डाक मंडी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अवकाश की अवधि समाप्त होने के बाद, मंडी में डाक नीलामी पूर्व की तरह नियमित रूप से संचालित की जाएगी। किसान अपनी फसलों को लेकर 4 अप्रैल से मंडी पहुंच सकेंगे।
Source link