ग्वालियर-चंबल अंचल के छात्र संस्कार श्रीवास्तव की स्कॉटलैंड में संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब 27 मार्च को छात्र का शव स्कॉटलैंड से दिल्ली लाया जाएगा। इसके बाद 28 मार्च को ग्वालियर लाने पर दोबारा पोस्टमार्टम कराने की तैयारी है। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतक के चाचा अनूप श्रीवास्तव ने कलेक्टर रूचिका चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह को आवेदन देकर मांग की है कि शव ग्वालियर आने के बाद मेडिकल कॉलेज में पैनल द्वारा दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार भिंड जिले के मौ कस्बे के किसान कुलदीप श्रीवास्तव ने अपने इकलौते बेटे 21 वर्षीय संस्कार को पढ़ाई के लिए स्कॉटलैंड भेजा था। वह यूनिवर्सिटी ऑफ स्टर्लिंग में एमएससी (फॉरेंसिक साइंस) कर रहा था। 6 मार्च को उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। स्कॉटलैंड प्रशासन ने इसे सुसाइड बताया, लेकिन परिवार इस पर भरोसा नहीं कर रहा। मां नीलम श्रीवास्तव ने बताया कि बेटे ने आखिरी वीडियो कॉल पर कहा था कि वह अगले साल पढ़ाई पूरी कर घर आएगा। “सोचा नहीं था कि वह इस हालत में लौटेगा…” यह कहते हुए मां फफक पड़ी। कहा 5 मार्च (होली) की रात संस्कार ने पूरे परिवार से करीब 2 घंटे वीडियो कॉल पर बात की थी। वह बहुत खुश था। दो दिन तक जब उसका फोन नहीं आया तो हमें चिंता हुई, क्योंकि वह अपनी मां से रोज बात करता था। उन्होंने यह बात जर्मनी में रहने वाले रिश्तेदार गौरव को बताई। उन्होंने स्कॉटलैंड यूनिवर्सिटी से संपर्क किया। पहले जवाब आया संस्कार से बात कराते हैं। इसके बाद पुलिस ने कॉल कर बताया संस्कार ने सुसाइड कर लिया है और माता-पिता का फोन नंबर लिया। इसके बाद 7 मार्च को यूनिवर्सिटी और भारतीय दूतावास से फोन आया कि संस्कार ने कॉलेज परिसर के पीछे सुसाइड कर लिया है। 40 लाख कर्ज लेकर भेजा था विदेश पिता कुलदीप श्रीवास्तव ने बेटे की पढ़ाई के लिए करीब 40 लाख रुपए का कर्ज लिया था। संस्कार पढ़ाई में अव्वल था और पार्ट टाइम जॉब से हर महीने करीब 1 लाख रुपए कमा रहा था। ऐसे में परिजन सवाल उठा रहे हैं कि वह पार्ट टाइम जॉब से लगभग एक लाख रुपए कमा रहा था तो वह आत्महत्या क्यों करेगा। ये तथ्य बढ़ा रहे शक परिजनों ने कई बिंदुओं पर सवाल उठाए हैं: संदिग्ध ट्रांजेक्शन: मौत के आसपास संस्कार के खाते से करीब 2.5 लाख रुपए ट्रांसफर हुए दोस्तों की चुप्पी: जिन तीन दोस्तों के नंबर दिए, वे जवाब नहीं दे रहे खुला कमरा: सुसाइड बताया गया, लेकिन हॉस्टल का दरवाजा खुला मिला यूनिवर्सिटी रिकॉर्ड: पिछले 13 महीनों में तीसरी संदिग्ध मौत मोबाइल डेटा गायब: फोन का डेटा डिलीट बताया जा रहा होली पर की थी आखिरी बात 5 मार्च (होली) को संस्कार ने परिवार से करीब 2 घंटे वीडियो कॉल पर बात की थी। वह खुश था और घर आने की बात कर रहा था। दो दिन तक संपर्क नहीं होने पर परिवार चिंतित हुआ। बाद में 7 मार्च को यूनिवर्सिटी और पुलिस से उसकी मौत की सूचना मिली।
Source link