शाजापुर में कप्तान जनसेवा मंच की ओर से रविवार शाम निशान यात्रा निकाली गई। यह आयोजन 5 अप्रैल को होने वाली तीसरी निशुल्क खाटू श्याम यात्रा की खुशी में रखा गया था। शाम करीब 5 बजे टेंशन चौराहा के विजय श्री हनुमान मंदिर में पूजा और महाआरती के साथ इसका आगाज हुआ, जिसमें 400 से ज्यादा महिलाओं ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। भक्ति के रंग में रंगा शहर हाथों में निशान (झंडे) लिए महिलाएं भजन-कीर्तन करती हुई आगे बढ़ रही थीं, जिससे पूरे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। यह यात्रा शहर के मुख्य रास्तों से होती हुई आदर्श कॉलोनी स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर पूरी हुई। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। बुजुर्ग और गरीब महिलाओं को दर्शन कराना मकसद मंच के प्रमुख नरेश कप्तान ने बताया कि खाटू श्याम यात्रा की सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इस फ्री यात्रा को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य उन गरीब और बुजुर्ग महिलाओं को खाटू श्याम के दर्शन कराना है, जो खुद वहां नहीं जा पातीं। तैयारियां हुईं पूरी उन्होंने जानकारी दी कि हर साल की तरह इस बार भी करीब 400 महिलाओं को इस पावन यात्रा पर ले जाया जाएगा। महिलाओं में इस यात्रा को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।
Source link