Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. मैच के दौरान टीम को बड़ा झटका कप्तान अजिंक्य रहाणे के चोटिल होने की वजह से लगा. उनकी जगह मैच में रिंकू सिंह ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली
रिंकू सिंह को बीच मैच में मिली कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी
नई दिल्ली. कोलकाता नाइट राइडर्स को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा. धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को तूफानी शुरुआत दिलाने वाले कप्तान अजिंक्य रहाणे चोटिल होकर मैदान से बाहर गए और रिंकू सिंह को बीच मैच में टीम के कप्तानी का जिम्मा मिला. साल 2018 में अपने डेब्यू आईपीएल सीजन से ही केकेआर का हिस्सा रहे इस बैटर ने इससे पहले कभी भी टी20 टीम की कप्तानी नहीं की थी.
हेड कोच अभिषेक नायर ने कहा, “मुझे लगता है कि यह काफी उपयुक्त है क्योंकि केकेआर में मेरी पहली याद रिंकू सिंह के साथ काम करने की है. जब मैं सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बना था. पिछले कुछ सालों में हमने देखा है कि वह न सिर्फ एक क्रिकेटर के तौर पर, बल्कि एक लीडर के रूप में भी विकसित हुए हैं. पिछले कुछ सालों में उनकी परफॉर्मेंस खुद ब खुद बोलती है, लेकिन मैदान के बाहर भी टीम के खिलाड़ी उन्हें काफी मानते हैं.”
मैच के दौरान मुंबई इंडियंस की पारी की शुरुआत में रहाणे को चोट लगने के कारण मैदान छोड़ना पड़ा. इसके बाद उपकप्तान रिंकू सिंह ने रहाणे की गैरमौजूदगी में ऑन-फील्ड कप्तानी संभाली. यह घटना चौथे ओवर के अंत में हुई, जब कवर पर फील्डिंग करते हुए रहाणे अचानक गिर पड़े और दर्द से कराहते नजर आए. चोट की सही वजह साफ नहीं थी, लेकिन कमेंटेटर्स ने शुरुआत में इसे क्रैम्प्स का मामला बताया.
केकेआर के फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. रहाणे की तकलीफ पहली नजर में जितनी लगी थी, उससे ज्यादा गंभीर दिखी. टीम के साथी खिलाड़ियों ने उन्हें उठने में मदद की इसके बाद रहाणे ने मैदान छोड़ने का फैसला किया और रिंकू को मैच में टीम की कमान संभालनी पड़ी.
इसी हफ्ते केकेआर के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर वेंकी मैसूर ने प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की थी कि रिंकू अब वेंकटेश अय्यर की जगह उपकप्तान होंगे. वेंकटेश अय्यर को 2025 सीजन के बाद रिलीज कर दिया गया था और बाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उन्हें साइन किया. मुंबई के खिलाफ रहाणे ने शानदार 67 रन बनाकर टीम की अगुवाई की. अंगकृष रघुवंशी ने भी 51 रनों की तेज पारी खेली और केकेआर ने 4 विकेट पर 220 रन का स्कोर खड़ा किया.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें