गैस एजेंसी संचालक ने किया गैस की किल्लत का विरोध: गुना में कांग्रेस ने निकाली रैली; कहा- सरकार की नाकामी से अव्यवस्था फैली – Guna News

गैस एजेंसी संचालक ने किया गैस की किल्लत का विरोध:  गुना में कांग्रेस ने निकाली रैली; कहा- सरकार की नाकामी से अव्यवस्था फैली – Guna News




गैस सिलेंडर की बढ़ती शॉर्टेज, पेट्रोल डीजल की किल्लत, बिजली के बढ़ते दामों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस के आव्हान पर गुना में भी प्रदर्शन किया गया। इसमें खास बात यह रही कि गैस एजेंसी संचालक के नेतृत्व में ही कांग्रेस ने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। बता दें कि प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिलों में ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए थे। इसमें गैस की शॉर्टेज, बिजली के बढ़ते दामों सहित अन्य मुद्दों पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपना था। PCC के निर्देश पर गुना में भी प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष रजनीश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसी हनुमान चौराहे पर नगरपालिका के सामने एकत्रित हुए। यहां नुक्कड़ सभा के बाद कांग्रेसी रैली के रूप में SDM कार्यालय पहुंचे। यहां अपनी मांगों संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया। गैस एजेंसी संचालक के नेतृत्व में प्रदर्शन बता दें कि जिला प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा है कि जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस, पेट्रोल, डीजल उपलब्ध है। इस प्रदर्शन में गैस एजेंसी संचालक के नेतृत्व में भी गैस की शॉर्टेज को लेकर प्रदर्शन किया गया। बता दें कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाए गए रजनीश शर्मा खुद ही गैस एजेंसी संचालक हैं। वे केशर गैस एजेंसी का संचालन करते हैं। प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि आज यह ज्ञापन केवल स्याही से नहीं, बल्कि हर उस मां की आंखों के आंसुओं से लिखा जा रहा है, जिसकी रसोई का चूल्हा गैस सिलेंडरों की भारी कमी और महंगाई की भेंट चढ़ चुका है। हम गुना शहर कांग्रेस के कार्यकर्ता जयवर्धन सिंह के मार्गदर्शन में सड़कों पर उतरकर उस व्यवस्था को जगाने आए हैं, जो जनता की पीड़ा सुनकर भी लगातार मौन बनी हुई है।
गैस सिलेंडर की शहर में शॉर्टेज और लगातार बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों से दो वक्त की रोटी छीन ली है। उज्ज्वला योजना के खाली सिलेंडर आज घरों के कोनों में व्यवस्था की विफलता का प्रतीक बन चुके हैं। बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि ने आमजन की कमर तोड़ दी है। जनता बिजली का बिल भरे या अपने बच्चोंकी पढ़ाई का खर्च उठाए। यह सबसे बड़ा सवाल बन गया है। पेट्रोल-डीजल की शॉर्टेज ने आमजन, किसान और युवाओं पर गहरा असर डाला है। परिवहन महंगा हो गया है और हर वस्तु के दाम बढ़ते जा रहे हैं। पेट्रोल डीजल की शॉर्टेज ने आमजन के जीवन को ठहराव की कगार पर ला खड़ा किया है। किसान आज सबसे ज्यादां परेशान है बुवाई का समय सिर पर है लेकिन खेत में ट्रैक्टर चलाने के लिए डीजल नहीं मिलेगा तो वह क्या करेगा?



Source link