नई दिल्ली. आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस की टीमें सीजन के अपने पहले मुकाबले में मुल्लांपुर में आमने-सामने होंगी. टूर्नामेंट का यह चौथा मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 31 मार्च को खेला जाएगा. पिछले साल की रनरअप श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स इस बार अपने पहले आईपीएल खिताब का सूखा खत्म करने के इरादे से खेलेगी. वहीं, शुभमन गिल की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस आईपीएल 2025 में एलिमिनेटर तक पहुंची थी, लेकिन मुंबई इंडियंस से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई. गुजरात की नजरें इस बार अपने दूसरे आईपीएल खिताब पर होंगी. दोनों ही टीमों की कोशिश जीत के साथ सीजन की शुरुआत करने की होगी, जिसके लिए कप्तान अपनी बेस्ट प्लेइंग-11 मैदान में उतारेंगे. हालांकि, कप्तानों के सामने प्लेइंग-11 की बड़ी चुनौती है, क्योंकि दोनों स्क्वॉड में एक से एक बड़े मैच विनर्स शामिल हैं. ऐसे में आइए आपको बताते हैं कि गुजरात और पंजाब की टीमें किस प्लेइंग-11 के साथ मैदान में उतर सकती हैं.
पंजाब किंग्स के लिए पिछला सीजन शानदार रहा था. वे इतिहास में दूसरी बार फाइनल तक पहुंचे, लेकिन अहमदाबाद में हुए खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से सिर्फ 6 रनों से हार गए. टीम ने पिछले साल बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था, इसलिए उन्होंने अपनी टीम में ज्यादा बदलाव नहीं किए हैं. मिनी ऑक्शन में उन्होंने सिर्फ चार नए खिलाड़ी खरीदे, जिनमें कूपर कोनोली और बेन ड्वारशुइस प्रमुख हैं. टीम को एक बार फिर अपने कप्तान श्रेयस अय्यर और स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह से बड़ी उम्मीदें होंगी.
गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स की मुल्लांपुर में होगी टक्कर.
गुजरात टाइटन्स का हाल
बात करें गुजरात टाइटंस की तो पिछले साल तीसरे नंबर पर रही थी. वे एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस से हारकर बाहर हो गए थे. 2022 की चैंपियन रह चुकी इस टीम के पास बल्लेबाजों और गेंदबाजों का बेहतरीन तालमेल है. पिछले सीजन गुजरात टाइटंस के ही खिलाड़ियों ने ऑरेंज कैप और पर्पल कैप जीती थी. सबसे ज्यादा रन साई सुदर्शन ने बनाए थे और सबसे ज्यादा विकेट प्रसिद्ध कृष्णा ने लिए थे. पंजाब की टीम अपनी पूरी ताकत के साथ उतरेगी. बस लॉकी फर्ग्यूसन शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि वे ‘पैरेंटल लीव’ पर हैं. गुजरात के सभी खिलाड़ी सिलेक्शन के लिए उपलब्ध हैं. उन्होंने अपनी टीम को मजबूत करने के लिए ल्यूक वुड, जेसन होल्डर और टॉम बैंटन जैसे विदेशी खिलाड़ियों को शामिल किया है.
कैसी रहती है मुल्लांपुर की पिच?
महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम का विकेट थोड़ा अनिश्चित रहता है. यहां पिछले साल कभी तो 200 से ज्यादा रन बने, तो कभी टीमें 120 तक पहुंचने में भी संघर्ष करती दिखीं. यह पिच बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों की मदद करती है. मैच के आखिरी हिस्से में स्पिनर्स को फायदा मिल सकता है. यहां की आउटफील्ड काफी तेज है, जिसका फायदा अच्छे शॉट्स खेलने वाले बल्लेबाजों को मिलता है.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, हरप्रीत बरार, बेन ड्वारशुइस, अर्शदीप सिंह.
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.