कुत्तों ने नर सांभर पर हमला किया: चित्रकूट में घायल सांभर बाड़े में घुसा, वन अमला रेस्क्यू में जुटा – Satna News

कुत्तों ने नर सांभर पर हमला किया:  चित्रकूट में घायल सांभर बाड़े में घुसा, वन अमला रेस्क्यू में जुटा – Satna News




सतना जिले के चित्रकूट वन परिक्षेत्र में मंगलवार सुबह कुत्तों के झुंड ने एक नर सांभर पर हमला कर दिया। घायल सांभर अपनी जान बचाने के लिए एक बाड़े में घुस गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और सांभर को बचाने का प्रयास कर रहा है। रेंजर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि यह घटना टेढ़ी पतवनिया ग्राम पंचायत के अमहा गांव में सतन पटेल के पुरवा के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुई। कुत्तों के झुंड ने एक नर सांभर को दौड़ाकर घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह सांभर को कुत्तों के चंगुल से बचाया, जिसके बाद वह घायल अवस्था में एक बाड़े में जा घुसा। वन विभाग की टीम ने बताया कि सांभर की हालत गंभीर है। उसे रेस्क्यू कर पशु चिकित्सालय ले जाया जाएगा, जहां इलाज के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा। चार दिन में दूसरा मामला
यह चार दिनों में सांभर पर कुत्तों के हमले की दूसरी घटना है। इससे पहले 28 मार्च की सुबह भी चित्रकूट वन परिक्षेत्र के चौबेपुर में कुत्तों के झुंड के हमले में एक मादा सांभर के बच्चे की मौत हो गई थी। वह सांभर पहाड़ से भटककर गांव की ओर आ गया था। रेंजर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि थर पहाड़ के जंगल में पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण गर्मी में जंगली जानवर पानी की तलाश में पहाड़ से उतरकर ग्रामीण इलाकों में आ रहे हैं। इस दौरान वे अक्सर कुत्तों के हमलों का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग की भी सराहना की। इस मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… कुत्तों के झुंड ने सांभर के बच्चे का शिकार किया सतना जिले के चित्रकूट वन परिक्षेत्र के चौबेपुर वार्ड नंबर 15 में कुत्तों के झुंड ने एक सांभर के बच्चे का शिकार कर लिया। गेहूं के खेत में दौड़ाने के बाद हुए हमले में सांभर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें…



Source link