छतरपुर जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अक्टोहा चौकी के पीरा गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद अब गहरा गया है। बुधवार को मूर्ति हटवाने की कोशिश के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके चलते गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव में मंदिर के पास खाली पड़ी जमीन पर अंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर करीब एक महीने से विवाद चल रहा है। दलित समाज पक्ष के लोग यहां प्रतिमा स्थापित करने पर अड़े हैं, जबकि गांव के दूसरे पक्ष के लोग मंदिर के पास मूर्ति लगाने का विरोध कर रहे हैं। प्रतिमा हटाने के प्रयास पर बदले हालात
स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रतिमा रखे जाने के बाद उसे हटवाने का प्रयास किया गया। इसके विरोध में दलित समाज की महिलाएं भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गईं और मूर्ति स्थापना की मांग को लेकर डटी रहीं। इस दौरान भीम आर्मी सहित अन्य संगठनों के लोग भी गांव पहुंचने लगे, जिससे भीड़ लगातार बढ़ती गई। तनाव को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई थानों की पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया है। मौके पर लवकुश नगर एसडीएम कौशल सिंह और एसडीओपी नवीन दुबे सहित प्रशासनिक अधिकारी डेरा डाले हुए हैं और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, हालांकि अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। महिला बोली- लोगों की सहमति से हुई थी प्रतिमा स्थापित
गांव की निवासी गीता देवी अहिरवार ने बताया कि पहले गांव के लोगों की सहमति से प्रतिमा स्थापना का काम शुरू किया गया था और इस पर लाखों रुपये खर्च भी किए गए। लेकिन अब कुछ लोग विरोध कर रहे हैं और मूर्ति हटाने का प्रयास किया गया, जिससे विवाद बढ़ गया। वहीं थाना प्रभारी अजय का कहना है कि मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात रखा गया।
Source link