छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंदूरखी में शनिवार को एक 10 वर्षीय बालक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गजराज यादव, पिता भूरा यादव के रूप में हुई है। गजराज दोपहर में खेत की ओर साइकिल चला रहा था, तभी असंतुलन के कारण वह खेत पर बने खुले कुएं में गिर गया। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने बालक को कुएं में गिरते देखा। उनके शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद गजराज को कुएं से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में खेतों पर कई कुएं खुले पड़े हैं, जिन पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन इस संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि खुले कुओं को ढंकवाया जाए या उनके चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Source link