सीधी जिले के चमरौहा गांव में रविवार को रेत से भरे एक तेज रफ्तार हाईवा ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस एक्सीडेंट में एक ही परिवार के 14 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल और कुछ निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, परसौना गांव का यह परिवार ऑटो में सवार होकर अमिलिया के साप्ताहिक बाजार जा रहा था। रविवार का दिन होने के कारण बाजार में काफी भीड़ रहती है। तभी चमरौहा के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित हाईवा ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बीच सड़क पर ही पलट गया। मौके पर मची चीख-पुकार ऑटो चला रहे 24 साल के राम अभिलाष केवट ने बताया कि वे सभी इमलिया की तरफ जा रहे थे, तभी अचानक हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और उन्होंने फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद चार एंबुलेंस की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। एक ही परिवार के 14 लोग घायल घायलों में सोनू, उर्मिला, गंगोत्री, कपसी, कुसुमकली, निर्मला, दिलसुआ, प्रेमकली, सोमवती, सुनीता, अमेरिका और सविता केवट समेत परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं। ये सभी लोग परसौना गांव के रहने वाले हैं। फरार हाईवा चालक की तलाश जारी अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद हाईवा चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
Source link