Last Updated:
Gwalior News: मंगलवार को दो युवकों और एक युवती ने आत्महत्या के इरादे से सागरताल में छलांग लगा दी. हादसे में छोटे भाई की मौत हो गई. एक भाई और बहन को रेस्क्यू कर लिया गया.
पुलिस को उनके घर से बड़े भाई का शव मिला.
रिपोर्ट- सुशील कौशिक, ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक परिवार में बड़े भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शव घर पर पड़ा रहा. जिसके बाद कथित तौर पर मृतक के दो भाइयों और बहन को इस बात का सदमा लग गया और उन्होंने एक साथ आत्महत्या की कोशिश की. इसमें एक भाई की मौत हो गई. वहीं एक अन्य भाई और बहन को बचा लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. बहोड़ापुर थाना पुलिस भाई-बहन से पूछताछ कर पता लगा रही है कि आखिर परिवार सुसाइड क्यों करना चाहता था और उनके बड़े भाई की मौत का सच क्या है.
मिली जानकारी के अनुसार, परिवार का घर आपागंज क्षेत्र में है. मंगलवार को दो युवकों और एक युवती ने खुदकुशी के इरादे से सागरताल में छलांग लगा दी. हादसे में छोटे भाई की मौत हो गई. एक भाई और बहन को बचा लिया गया. उन्हें रेस्क्यू कर पुलिस थाने लाया गया. यहां उन्होंने जो बताया, उसे सुन पुलिस के भी होश उड़ गए. उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई का शव घर पर पड़ा है. पुलिस फौरन उनके घर पहुंची और घर पर बड़े भाई का शव बरामद किया.
कैसे हुई बड़े भाई की मौत?
बताया जा रहा है कि बड़े भाई की मौत से तीनों भाई-बहन को सदमा लगा और उन्होंने खुदकुशी करने की ठान ली. इसी इरादे से तीनों सागरताल में कूदे थे. इसमें छोटे भाई की मौत हो गई. वहीं पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है कि बड़े भाई की मौत कैसे हुई. क्या बीमारी से उसकी मौत हुई है या आत्महत्या है या फिर उसकी हत्या की गई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा.
कैमरे पर बोला- हम आज मरने गए थे
वहीं जब पुलिस भाई-बहन को थाने लेकर पहुंची, तो युवक ने कैमरे के सामने कहा, ‘हम आज मरने गए थे. हमारा भाई घर पर तीन दिन से मरा पड़ा है. हमारे रिश्तेदार ने हमारी बहन की गलत जगह शादी कराई थी एक करोड़ रुपये में.’ इसके बाद पुलिस दोनों को अंदर ले गई.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.