कार के CCTV फुटेज जिसमें छात्रा को बिठाने का प्रयास किया गया।
ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके में कक्षा छठवीं की एक छात्रा के अपहरण का प्रयास किया गया। कार सवार युवकों ने छात्रा को जबरन अपनी गाड़ी में बिठाने की कोशिश की, लेकिन छात्रा की हिम्मत से यह साजिश नाकाम हो गई।
.
छात्रा ने चिल्लाकर लोगों को बुलाने की धमकी दी, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के दो दिन बाद छात्रा ने अपनी शिक्षिका को आपबीती बताई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 8 मई (बुधवार) की है।
बस स्टॉप से घर जाने के दौरान अभद्रता
जानकारी के मुताबिक घटना दो दिन पुरानी है। छात्रा ऑक्सफोर्ड स्कूल में पढ़ती है। शुक्रवार को उसने अपनी शिक्षिका को घटना की जानकारी दी। छात्रा ने बताया कि स्कूल बस ने उसे बस स्टॉप पर छोड़ा था और वह अपने घर गालव नगर जा रही थी। तभी एक कार उसके पास आकर रुकी। कार सवार युवकों ने छात्रा को घर छोड़ने की पेशकश की, जिसे उसने ठुकरा दिया। कुछ दूर आगे जाकर युवकों ने फिर कार रोकी और छात्रा को जबरन गाड़ी में बिठाने का प्रयास किया। छात्रा के मना करने पर कार में सवार दाढ़ी वाले एक युवक ने उसके साथ अभद्रता करने की भी कोशिश की।
स्कूल टीचर ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी
इस पर छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए चिल्लाकर लोगों को बुलाने की धमकी दी। छात्रा की आवाज सुनकर बदमाश घबरा गए और मौके से अपनी कार लेकर भाग निकले। घटना के बाद छात्रा ने डर के मारे घर पर किसी को कुछ नहीं बताया था।
शुक्रवार को जब छात्रा ने अपनी शिक्षिका को यह बात बताई, तो शिक्षिका उसे स्कूल बस से उसके घर लेकर गईं और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन बहोड़ापुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि छात्रा के पिता की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।