मोहना बड़ोदिया विद्युत वितरण कंपनी के मोहना सब स्टेशन से निकलने वाले 11 केवी हाई टेंशन तार ग्राम पंचायत मोहना अंतर्गत बनबोर मार्ग पर सड़क से काफी नीचे झूल रहे हैं। ये तार सड़क से मात्र 10 से 12 फीट ऊपर हैं, जिससे यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, तारों की यह कम ऊंचाई ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक जैसे ऊंचे वाहनों के लिए विशेष रूप से खतरनाक है, जो कभी भी इनकी चपेट में आ सकते हैं। ग्रामीण कैलाश गुर्जर ने बताया कि गांव में शादी-विवाह जैसे आयोजनों के दौरान बड़े वाहनों को 3 किलोमीटर दूर मोहना में छोड़कर लोगों को पैदल गांव आना पड़ता है। रात के समय कम दृश्यता के कारण यह खतरा और बढ़ जाता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा या आगजनी की घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में सड़क निर्माण के बाद मार्ग की ऊंचाई बढ़ गई है, लेकिन बिजली विभाग ने इसके अनुरूप तारों की ऊंचाई में सुधार नहीं किया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर पहले भी जिला कलेक्टर रिजु बाफना को मोहना शिविर में आवेदन देकर अवगत कराया था। हालांकि, अब तक न तो तारों की ऊंचाई ठीक की गई है और न ही खंभों की स्थिति सुधारी गई है। इस मार्ग पर 6 से 7 स्थानों पर बिजली के तार सड़क को क्रॉस करते हैं। लगातार बढ़ती आवाजाही के बीच लोग जोखिम के साए में यात्रा करने को मजबूर हैं। यह मार्ग प्रसिद्ध मां बिजासन भेसवा माता मंदिर का शॉर्टकट रास्ता है, जिससे रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों और किसानों ने ठेकेदार, प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि तारों को तुरंत ऊपर किया जाए और सड़क के किनारे से सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
Source link