‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का भंडाफोड़! 2 युवतियां अरेस्ट, ऐसा था ठगी का तरीका

‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का भंडाफोड़! 2 युवतियां अरेस्ट, ऐसा था ठगी का तरीका


Last Updated:

Ujjain News: शादी के लिए लड़की की तलाश के दौरान उनकी मुलाकात एक बिचौलिए से हुई. उसने इंदौर में एक लड़की से मिलवाया. पसंद आने पर शादी की बात तय हुई और आरोपियों ने उन्हें डेढ़ लाख रुपये लेकर उज्जैन आने की बात कही.

Zoom

पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है.

रिपोर्ट- अजय पटवा, उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन में शादी के नाम पर ठगी करने वाले ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, उज्जैन के नानाखेड़ा थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करता था. मामला 11 अप्रैल का है, जब राजस्थान के डीकनिया गांव निवासी एक महिला ने अपने भाई की शादी के नाम पर ठगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई.

महिला की शिकायत के मुताबिक, भाई की शादी के लिए लड़की की तलाश के दौरान उनकी मुलाकात एक बिचौलिए से हुई, जिसने इंदौर में एक युवती से मिलवाया. लड़की पसंद आने पर शादी तय हुई और आरोपियों ने डेढ़ लाख रुपये लेकर उज्जैन आने की बात कही लेकिन यहां पहुंचते ही युवती ने शादी से साफ इनकार कर दिया और पूरा गिरोह फरार हो गया. मामले की जांच में जुटी पुलिस ने जब सच्चाई खंगाली, तो सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह है, जो पहले शादी के लिए लड़की दिखाता है, फिर मोटी रकम लेकर मौके पर मुकर जाता है.

गिरोह में और भी सदस्य?
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इंदौर निवासी दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है. पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह में और भी सदस्य शामिल हो सकते हैं. उज्जैन पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है. ऐसी ठगी से बचने के लिए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की है.

शादी के लिए लड़की की तलाश
बताते चलें कि इसी साल जनवरी में उज्जैन में इसी तरह का एक और मामला सामने आया था. फरियादी दिलीप धानुका ने भाटपचलाना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उसने बताया था कि वह अपनी शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहा था. इसी दौरान मुकेश धानुका और लखन बलाई ने उसकी मुलाकात भोपाल की रहने वाली पायल क्षारिया से कराई. उन्होंने शादी करवाने के बदले 1 लाख 40 हजार रुपये की मांग की. उसने 90 हजार रुपये दे दिए जबकि बाकी पैसे बाद में देने की बात तय हुई. इसके बाद 19 जनवरी 2026 को ग्राम गजनीखेड़ी में दोनों की शादी कराई गई.

ससुराल से फरार नवविवाहिता
शादी के महज 8 से 10 दिनों के भीतर ही पायल क्षारिया ने पति दिलीप धानुका से अतिरिक्त पैसों की मांग शुरू कर दी. जब उसने और पैसे देने से इनकार किया, तो 29 जनवरी को वह मौका पाकर मुकेश के साथ ससुराल से फरार हो गई. शिकायत मिलने के बाद भाटपचलाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link