जयपुर में अश्लील हरकत करने वाले का मुरैना में सरेंडर: दाढ़ी कटवाकर पहुंचा कोर्ट, लूट के मामले में दी गिरफ्तार, हाथ मलती रह गई राजस्थान पुलिस – Gwalior News

जयपुर में अश्लील हरकत करने वाले का मुरैना में सरेंडर:  दाढ़ी कटवाकर पहुंचा कोर्ट, लूट के मामले में दी गिरफ्तार, हाथ मलती रह गई राजस्थान पुलिस – Gwalior News




राजस्थान के जयपुर में गर्भवती महिला से अश्लील हरकत कर सुर्खियों में आए ग्वालियर के बदमाश राहुल गुर्जर ने आखिरकार मुरैना कोर्ट में सरेंडर कर दिया। बुधवार शाम उसने रिठौरा थाने के एक लूट प्रकरण में आत्मसमर्पण किया। खास बात यह रही कि कोर्ट पहुंचने से पहले उसने क्लीन शेव कर ली, ताकि पहचान से बच सके। उसके इस कदम से राजस्थान पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) उसे पकड़ने से चूक गई। SIT को लगातार देता रहा चकमा मंगलवार को जब जयपुर से SIT ग्वालियर पहुंची, तब आरोपी भिंड के गोहद में था। टीम के वहां पहुंचते ही वह मुरैना निकल गया। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रैक करती रही, लेकिन वह हर बार हाथ नहीं आया और आखिरकार भेष बदलकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। फुटेज में दाढ़ी, कोर्ट में क्लीन शेव घटना के CCTV फुटेज में आरोपी घनी दाढ़ी में नजर आया था, लेकिन कोर्ट में वह क्लीन शेव होकर पहुंचा। उसकी यह चालाकी पुलिस को गुमराह करने के लिए थी, जिससे उसकी पहचान तुरंत न हो सके। ग्वालियर का हिस्ट्रीशीटर, 17 से ज्यादा केस दर्ज आरोपी राहुल गुर्जर ग्वालियर के सरसपुरा गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ ग्वालियर, भिंड और मुरैना में फायरिंग, लूट, मारपीट और धमकाने जैसे 17 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह जयपुर के मालवीय नगर में एक स्पा सेंटर में काम करता था। जयपुर पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही थी और उसकी तलाश में ग्वालियर तक पहुंच गई थी। लेकिन आरोपी ने चतुराई दिखाते हुए पुलिस को छकाया और आखिरकार मुरैना कोर्ट में सरेंडर कर दिया। 25 मार्च को सुनसान इलाके में गर्भवती से की थी अश्लील हरकत राजस्थान के जयपुर में रविवार को एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया। वीडियो में एक युवक सुनसान इलाके में जा रही गर्भवती को पीछे से आकर अश्लील हरकत करता दिख रहा है। इस घटना से घबराकर महिला चीखते हुए वहां से भागी, जिसके बाद आरोपी भी मौके से फरार हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने तुरंत एक्शन लिया। आमजन में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए उसी दिन दोपहर में जवाहर सर्किल थाना में FIR दर्ज की गई। जांच के दौरान पता चला कि यह घटना 25 मार्च की है, यानी वीडियो करीब 17 दिन पुराना था। मामले में जयपुर पुलिस ने प्रधान आरक्षक अंगदराम मीणा और ड्यूटी ऑफिसर एएसआई महेश चंद्र को सस्पेंड कर दिया।



Source link