विदिशा में सिविल लाइन थाना पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और लाखों रुपये का मशरूका जब्त किया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बालाजी पैराडाइज कॉलोनी के पीछे खाली जमीन पर कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुआ खेलते हुए 11 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। सभी आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 263/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 13, 112(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिलें और नगदी राशि जब्त की है। जब्त किए गए कुल मशरूका की अनुमानित कीमत 4 लाख 44 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गौरव साहू, रवि बघेल, अक्षय खान, आसिफ खान, तौफीक खान, दिनेश मालवीय, गौरव सूर्यवंशी, इशान खान, आशीष लोधी, रानू सिलावट और साजिद खान शामिल हैं। ये आरोपी शहर के शिव नगर, पुरनपुरा, बजरिया, बेस दरवाजा और अन्य क्षेत्रों के निवासी हैं। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी आशुतोष सिंह राजपूत के नेतृत्व में की गई।विदिशा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे।
Source link