Last Updated:
नर्मदापुरम में जेल से जमानत पर छूटने के बाद आरोपी ने रेप पीड़िता को दोबारा तंग करने लगा. इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने बड़ा कदम उठाते हुए रेप के आरोपी की गला दबाकर हत्या कर दी. फिर उसका शव कुएं में फेंक दिया. इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
पीड़िता के पिता-भाई ने आरोपी को मारा
मध्य प्रदेश के सिवनी जेल से जमानत पर छूटने के बाद आरोपी विश्वास ने रेप पीड़िता को दोबारा परेशान कर रहा था, जिससे परेशान होकर पीड़िता के परिजनों ने उसका मर्डर कर दिया. हत्या की यह वारदात बनखेड़ी थाने के ग्राम अन्हाई की है. जहां रेप के आरोपी युवक का अपहरण कर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई. आरोपियों ने युवक की लाश को नग्न हालत में एक कुएं में फेंक दिया. पुलिस ने हत्या के आरोप में पीड़िता के पिता, भाई और जीजा सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा
आरोपी की गला दबाकर कर डाली हत्या
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मृतक विश्वास ने युवती को प्रेम प्रसंग में फंसाकर उसके साथ गलत काम किया था. युवती की शिकायत पर विश्वास के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया था, जिसके आरोप में उसे जेल भेजा गया था. कुछ दिन बाद ही वह जेल से जमानत पर बाहर आ गया. आरोपियों का कहना है कि जेल से बाहर आते ही मृतक फिर से पीड़िता को परेशान और तंग कर रहा था. इसी वजह से आरोपियों ने विश्वास के साथ मारपीट कर उसका गला दबा दिया और शव दूर खेत में स्थित कुएं में फेंक दिया.
पुलिस जांच में हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक मृतक विश्वास उर्फ छोटू गुर्जर (24) ग्राम अन्हाई का निवासी था. वह 12 अप्रैल की रात 10 बजे से गायब था. 13 अप्रैल को उसके भाई राज सिंह गुर्जर ने बनखेड़ी थाने पहुंचकर विश्वास के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी और जमुनिया रंधीर के कुछ लोगों पर संदेह जताया था. इसके बाद एसआई मनमोहन ठाकुर ने रेप पीड़िता के भाई, पिता और अन्य परिजनों से पूछताछ की. शुरुआत में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बुधवार को दोबारा सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने गला दबाकर हत्या करना स्वीकार कर लिया.