Last Updated:
Ajinkya Rahane Statement: अजिंक्य रहाणे ने गुजरात टाइटंस से मिली हार के बाद निराशा जाहिर करते हुए कहा कि यह कभी भी आसान नहीं होता. केकेआर को अभी भी आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत की तलाश है. उसने 6 में से 5 मैच गंवाए हैं. हालांकि, रहाणे का कहना है कि हम वर्तमान में रहना चाहते हैं, जो हमारे कंट्रोल में नहीं उसके बारे में सोचने के बजाय खेल का आनंद लेना चाहते हैं.
हार के बाद क्या बोले अजिंक्य रहाणे.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के 25वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स को 5 विकेट से हराया. इस सीजन की लगातार पांचवीं हार के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा कि मैदान पर थोड़ी ओस थी, जिसके कारण गेंदबाजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. उन्होंने शुभमन गिल की पारी की भी तारीफ की. इतिहास में पहली बार हुआ है, जब कोलकाता की टीम शुरुआती 6 मैचों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है. वहीं, केकेआर ने 2025 आईपीएल से अब तक लगातार सातवीं हार दर्ज की है.
मैच के बाद कप्तान रहाणे ने कहा, ‘जिस तरह से हमने शुरुआत की जब हमारे दो या तीन विकेट गिर चुके थे और जिस तरह से ग्रीन ने शुरुआत की, वह कमाल का था. 147 पर 4 विकेट से 180 तक पहुंचना थोड़ा मुश्किल था. हालांकि, हमारे सभी गेंदबाजों को इसका श्रेय जाता है, जिस तरह से उन्होंने गेंदबाजी की. वे इसे आखिरी ओवर तक ले गए. गिल ने सच में बहुत अच्छी बल्लेबाजी की. थोड़ी ओस भी थी, लेकिन कोई बहाना नहीं. साई सुदर्शन और गिल ने सच में बहुत अच्छी बल्लेबाजी की. मैं बस सकारात्मक बातें करना चाहता था. हमारे तीन मैच बहुत करीबी रहे. ग्रीन को क्रैम्प्स (ऐंठन) की दिक्कत हो रही थी, इसी वजह से वह मैदान के अंदर-बाहर होते रहे और इसी कारण उन्होंने गेंदबाजी नहीं की. जब चीजें आपके हिसाब से नहीं चल रही होतीं, तो आप बहुत सारी बातें सोचने लगते हैं.’
हार के बाद क्या बोले अजिंक्य रहाणे.
ऐसा रहा मैच का हाल
केकेआर से मिले 181 रनों के लक्ष्य को गुजरात टाइटंस ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल किया. टीम की तरफ से कप्तान शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 86 रनों की दमदार पारी खेली. गिल ने अपनी इस पारी में 8 चौके और 4 छक्के लगाए. वहीं, जोस बटलर ने 15 गेंदों में 25 रन बनाए, तो साई सुदर्शन ने 16 गेंदों में 22 रनों का योगदान दिया. ग्लेन फिलिप्स ने 19 रन बनाए. इससे पहले केकेआर की पूरी टीम 20 ओवर में 180 रन बनाकर ऑलआउट हुई. कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से कैमरून ग्रीन इस सीजन पहली बार अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 79 रन बनाए. हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें