Last Updated:
ग्वालियर में नगर परिषद के संविदा कर्मचारी लक्ष्मण सेन के घर पर दो अज्ञात लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि लक्ष्मण का भाई कुछ दिन पहले ही एक लड़की को भगा कर ले गया था. बाद में पुलिस ने दोनों को भोपाल से गिरफ्तार करके. परिवारों को सौंप दिया था. तभी से दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी.
ग्वालियर में दिन दहाड़े फायरिंग (AI तस्वीर)
Gwalior News: ग्वालियर के भितरवार में प्रेम प्रसंग की रंजिश में दिनदहाड़े गोलियां चल गईं. नगर परिषद के संविदा कर्मचारी लक्ष्मण सेन के घर के बाहर दो हमलावरों ने दिनदहाड़े कट्टे से फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. बदमाशों के द्वारा की गई फायरिंग की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. वहीं पुलिस ने तीन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और मामले की जांच कर रही है.
दअरसल भितरवार थाना क्षेत्र के भितरवार नगर परिषद में संविदा कर्मचारी लक्ष्मण सेन के घर के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो बदमाशों ने दिनदहाड़े घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलियां घर के मुख्य गेट पर जा लगीं, जिनके निशान मौके पर साफ देखे जा सकते है. फायरिंग की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए. वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए. पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की पुरानी रंजिश है.
युवती को भगा ले गया था छोटा भाई
लक्ष्मण सेन का छोटा भाई दिनेश सेन पेशे से शिक्षक है और एक निजी स्कूल में पढ़ाता है. दिनेश शादीशुदा और तीन बच्चों का पिता भी है. आरोप है कि 13 अप्रैल को दिनेश एक युवती को भगा ले गया था. बाद में युवती के परिजनों और पुलिस ने दोनों को भोपाल से बरामद कर लिया था और दोनों को दोनों के ही परिवार वालों को सुपुर्द कर दिया था. तभी से दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था. इसी रंजिश के चलते आरोपी अनिल दीक्षित अपने एक साथी के साथ लक्ष्मण के घर पहुंचा और बाहर से राउंड फायर कर दिए.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पूरी वारदात पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. फुटेज में आरोपी फायरिंग करते साफ दिख रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने दिनेश सेन की पत्नी रितु सेन की शिकायत पर मुख्य आरोपी अनिल दीक्षित सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस इस संबंध में कई लोगों से पूछताछ भी कर रही है.