पहाड़ियों के बीच जन्नत! कश्मीर जैसे नजारे, गर्मी में घूमने के लिए बेस्ट जगह

पहाड़ियों के बीच जन्नत! कश्मीर जैसे नजारे, गर्मी में घूमने के लिए बेस्ट जगह


Last Updated:

Sidhi News: नौका चालक शुभम तिवारी ने लोकल 18 से कहा कि नवंबर से जून तक यहां सैलानियों की सबसे ज्यादा भीड़ रहती है. यहां पैडल बोट के साथ-साथ चार और 8 सीटर बोट भी मिल जाती है.

सीधी. मध्य प्रदेश के सीधी जिले में गर्मी का असर बढ़ते ही लोग सुकून और ठंडक की तलाश में प्राकृतिक स्थलों की ओर रुख कर करने लगते हैं. शहर की भीड़भाड़ और दिनभर की भागदौड़ से दूर लोग अब ऐसी जगहों को पसंद कर रहे हैं, जहां शांत वातावरण के साथ प्राकृतिक सुंदरता का आनंद मिल सके. इसी कड़ी में सीधी शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर पटेहरा खुर्द में स्थित गोरियरा बांध इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. पहाड़ियों से घिरा यह गोरियरा बांध भीषण गर्मी में भी ठंडी हवा और सुकून भरा माहौल प्रदान करता है. यही वजह है कि हर दिन बड़ी संख्या में लोग यहां सैर करने और परिवार के साथ समय बिताने पहुंच रहे हैं. सुबह और शाम के समय यहां का नजारा बेहद मनमोहक होता है, जहां लोग प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताते नजर आते हैं.

गर्मी का मौसम शुरू होते ही बच्चों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों की भी तैयारी शुरू हो गई है. ऐसे में लोग नई-नई जगहों पर घूमने का प्लान बना रहे हैं. अगर आप इस गर्मी में सीधी घूमने का विचार कर रहे हैं और नौका विहार का आनंद लेना चाहते हैं, तो गोरियरा बांध एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है. यहां सुबह से शाम तक बोटिंग की सुविधा उपलब्ध रहती है. हालांकि भीषण गर्मी को देखते हुए दोपहर के समय कुछ घंटों के लिए बोटिंग बंद कर दी जाती है लेकिन सुबह और शाम के समय पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है.

पैडल बोट का किराया मात्र 50 रुपये
नौका चालक शुभम तिवारी ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि नवंबर से जून तक यहां पर्यटकों की सबसे ज्यादा भीड़ रहती है. यहां पैडल बोट के साथ-साथ चार सीटर और 8 सीटर बोट की सुविधा उपलब्ध है. अधिक लोगों के समूह के लिए मोटर बोट से डैम के एक छोर से दूसरे छोर तक 15 से 30 मिनट का सफर कराया जाता है. पैडल बोट का किराया मात्र 50 रुपये प्रति व्यक्ति है.

बिना किसी परेशानी के बोटिंग का आनंद
रीवा से घूमने आए इफको टोकियो के बिजनेस एग्जीक्यूटिव विकेश पटेल ने लोकल 18 से कहा कि गोरियरा बांध की सबसे बड़ी खासियत इसका शांत वातावरण और हरियाली से घिरा प्राकृतिक सौंदर्य है. खास बात यह है कि गर्मी के मौसम में भी यहां पानी नहीं सूखता, जिससे लोग बिना किसी परेशानी के बोटिंग का आनंद ले सकते हैं. डैम के बीच पहुंचने पर चारों ओर पहाड़ियों और पानी का दृश्य एक अलग ही अनुभव देता है, जो लोगों को बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित करता है.

गोरियरा बांध तक पहुंचना आसान
गोरियरा बांध तक पहुंचना भी बेहद आसान है. यह स्थल सीधी शहर से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यहां बस, ऑटो या निजी वाहन से आसानी से पहुंचा जा सकता है. पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां रेस्टोरेंट की भी व्यवस्था की गई है. नौका विहार का समय सुबह 10:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक है जबकि प्रवेश पूरी तरह निशुल्क है. कलेक्टर विकास मिश्रा ने गोरियरा बांध का निरीक्षण कर पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए हैं. उन्होंने आधारभूत सुविधाओं के विकास, स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाओं पर जोर दिया, जिससे इस स्थल को और विकसित कर पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सके.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link