मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थल अमरकंटक में प्रशासन ने शनिवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान नगर परिषद अमरकंटक के जेसीबी ने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में कई अवैध कब्जे हटाए गए। यह अभियान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अमरकंटक प्रवास के दौरान दिए गए निर्देशों के बाद चलाया गया। मुख्यमंत्री ने बैठक में जिला एवं स्थानीय प्रशासन को पवित्र नगरी में अतिक्रमण रोकने और अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इन वार्डों में हुई कार्रवाई नगर परिषद ने वार्ड क्रमांक 2, वार्ड क्रमांक 10 और वार्ड क्रमांक 15 में विशेष कार्रवाई की। इस दौरान चार छोटे और चार बड़े अतिक्रमण हटाए गए, जिससे करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त हुई। अतिक्रमणकारियों ने बिना अनुमति और सूचना के शासकीय भूमि पर कब्जा कर अवैध निर्माण किया था। उन्हें पहले भी नोटिस जारी कर निर्माण रोकने और हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। प्रशासनिक अमला रहा मौजूद अभियान के दौरान नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते, नायब तहसीलदार ज्ञानदास पनिका, हल्का पटवारी अश्वनी तिवारी और अमरकंटक थाना पुलिस बल मौके पर मौजूद थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा। शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
Source link