अतिक्रमण हटाने के लिए शहर को तीन भाग में बांटा: दुकानदारों को शिफ्ट किया जा रहा, राजस्व की टीम मौके पर तैनात – Betul News

अतिक्रमण हटाने के लिए शहर को तीन भाग में बांटा:  दुकानदारों को शिफ्ट किया जा रहा, राजस्व की टीम मौके पर तैनात – Betul News




बैतूल नगर पालिका परिषद ने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए रविवार, 19 अप्रैल 2026 से विशेष अभियान शुरू किया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडेय के निर्देश पर फल, सब्जी और अन्य अस्थायी दुकानों को निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। तीन जोन में बांटकर की जा रही कार्रवाई
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर पालिका ने शहर को कोठी बाजार, गंज और सदर—इन तीन जोन में विभाजित किया है। प्रत्येक जोन में अलग-अलग टीमों को अतिक्रमण हटाने और व्यवस्थापन की जिम्मेदारी दी गई है। गंज क्षेत्र के परशुराम चौक, कॉलेज रोड, बाबू चौक और नंदी चौक से हटाए गए विक्रेताओं को गंज प्राथमिक शाला की खाली जमीन पर स्थानांतरित किया जा रहा है। यहां कुशल मालवीय के नेतृत्व में व्यवस्थापन किया जा रहा है। कोठी बाजार जोन के गणेश चौक, कमानी गेट, थाना चौक, बस स्टैंड और नगर पालिका गेट से हटाए गए दुकानदारों को ज्योति टॉकीज के सामने टंकी के पास स्थित खाली भूमि पर व्यवस्थित किया जा रहा है। इस क्षेत्र की जिम्मेदारी सुभाष प्रजापति संभाल रहे हैं। सदर क्षेत्र के नेहरू पार्क चौक, कारगिल चौक, पीडब्ल्यूडी चौक और महाजन चौक से हटाए गए विक्रेताओं को सदर बैल बाजार की खाली जमीन पर स्थानांतरित किया जा रहा है। यहां उमेश साहू के नेतृत्व में कार्रवाई की जा रही है। राजस्व विभाग की टीमें भी मौके पर तैनात
पूरे अभियान की निगरानी के लिए राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते को नोडल अधिकारी और राजस्व उपनिरीक्षक अखिलनीलकण्ठ राय को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। राजस्व विभाग की टीमें भी मौके पर तैनात हैं। कार्रवाई के दौरान पहले अतिक्रमणकारियों को समझाइश दी गई, जिसके बाद कई दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपना सामान हटा लिया। जरूरत पड़ने पर सख्ती के लिए जेसीबी मशीन भी मौके पर तैयार रखी गई है। प्रशासन ने सहयोग की अपील की
नगर पालिका प्रशासन ने सभी दुकानदारों से सहयोग की अपील की है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।



Source link