शिक्षा के मंदिर में ‘मजदूरी’, स्कूल में बच्चों से बाइक धुलवा रहे मास्टर जी

शिक्षा के मंदिर में ‘मजदूरी’, स्कूल में बच्चों से बाइक धुलवा रहे मास्टर जी


Last Updated:

Singrauli News: सरकारी स्कूल के टीचर बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनसे अपनी बाइक धुलवा रहे हैं और स्कूल परिसर को साफ करवा रहे हैं. लोग इन शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Zoom

शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.

रिपोर्ट- अमित सिंह परिहार, सिंगरौली. मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के चितरंगी विकासखंड अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल झोखो से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में छात्र स्कूल ड्रेस में शिक्षकों की मोटरसाइकिल धोते और परिसर की सफाई करते नजर आ रहे हैं. एक तरफ सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर भविष्य गढ़ने आए इन नौनिहालों के हाथों में कलम की जगह कपड़ा और बाल्टी थमा दी गई है. वायरल वीडियो ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिसके बाद अब जिला शिक्षा विभाग से दोषी शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है. वीडियो वायरल होने के बाद लोग टीचर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

इसी साल फरवरी में गुजरात के सूरत के एक सरकारी स्कूल से इसी तरह का वीडियो सामने आया था. वीड‍ियो में स्‍कूल के छात्र क्लास में पढ़ाई करने के बजाय आंगन को झाड़ू से साफ करते दिखे थे. छात्र दरवाजे पर लगी लोहे की ग्रिल को कपड़ों से घिसकर साफ कर रहे थे. इस घटना ने उस भरोसे को तोड़ा था, जिसके साथ माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद में उन्हें स्कूल भेजते हैं.

प्र‍िंस‍िपल ने दी सफाई
इस मामले में जब स्कूल के प्रिंसिपल से सवाल किया गया, तो उन्होंने वीडियो को उनके ही स्कूल का होने की पुष्टि की. हालांकि उन्होंने बचाव करते हुए तर्क दिया कि उनका उद्देश्य छात्रों से मजदूरी करवाना नहीं बल्कि उनमें स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना था. उन्होंने आश्वासन दिया था कि ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी.

बच्चों से कार धुलवा रहे थे मास्टर जी
हाल ही में उत्तराखंड के एक सरकारी स्कूल से भी इसी तरह का मामला सामने आया था. सरकारी स्कूल के एक शिक्षक ने स्कूल में छात्रों को पढ़ाने के बजाय अपनी कार धोने के काम पर लगाया हुआ था. वहां मौजूद शख्स ने बच्चों को स्कूली ड्रेस में कार धोते देखा, तो उनसे इस बारे में पूछा था. बच्चों ने बताया कि कार उनके मास्टर जी की है. उन्होंने कार धोने के लिए कहा है. जिसके बाद उस व्यक्ति ने शिक्षक को बुलाया और इस कृत्य पर सवाल-जवाब किए. शिक्षक ने अपनी गलती मानी और दोबारा ऐसा न करने का वादा किया. वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने टीचर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link