अक्षय तृतीया इस बार 19 और 20 अप्रैल को मनाई जा रही है। शुभ मुहूर्त के चलते शहर में विवाहों की धूम है। रविवार को 600 से अधिक विवाह संपन्न हुए। इनमें डबरा के मंडी प्रांगण में मुख्यमंत्री कन्यादान व निकाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में 73 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। डबरा में आयोजित इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में विभिन्न धर्मों के अनुसार विवाह संपन्न हुए। इनमें 67 विवाह हिंदू रीति-रिवाज से, 4 बौद्ध परंपरा से और 2 निकाह कराए गए। यह आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संचालित योजना के तहत किया गया। आज 700 से ज्यादा विवाह, कई समाजों के सामूहिक सम्मेलन आज भी ग्वालियर में 700 से अधिक विवाह होने का अनुमान है। एक सैकड़ा विवाह सामूहिक सम्मेलनों में होंगे। किरार क्षत्रिय समाज, ब्राह्मण समाज और कुशवाह समाज द्वारा अलग-अलग सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। कुशवाह समाज: 33 जोड़ों का विवाह, गृहस्थी का सामान भी मिलेगा कुशवाह समाज आदर्श विवाह आयोजन समिति द्वारा शिवपुरी लिंक रोड स्थित नीम चंदोहा बेला की बावड़ी में 33 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। समिति के कैलाश सिंह कुशवाह ने बताया कि इस आयोजन से पहले 31 आयोजन समिति कर चुकी है। समिति की ओर से विवाहित जोड़ों को घर गृहस्थी का पूरा सामान भेंट किया जाएगा। सम्मेलन नीम चंदोहा बेला की बावड़ी शिवपुरी लिंक रोड पर होगा। किरार समाज का सम्मेलन: मुरार में 31 जोड़े करेंगे विवाह किरार सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति द्वारा मुरार के रामलीला मैदान में 17वां सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें 31 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। समिति के अध्यक्ष मोती सिंह किरार ने बताया कि कार्यक्रम में अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गुलाब सिंह किरार और पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, भाजपा ग्रामीण के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत सहित समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहेंगे। ब्राह्मण महासमिति: 7 जोड़ों का नि:शुल्क विवाह सकल ब्राह्मण महासमिति द्वारा चतुर्थ सामूहिक नि:शुल्क विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। राम मंदिर फालका बाजार से बारात परशुराम पालकी यात्रा के साथ निकाली जाएगी। सनातन धर्म मंदिर में 7 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। सामूहिक विवाह में नवविवाहित जोड़ों को फ्रीज, वॉशिंग मशीन, अलमारी, टीवी, कूलर, पलंग, गैस चूल्हा, बर्तन, ज्वेलरी सेट, कपड़े, कंबल, पंखा, मिक्सी, इंडक्शन सहित अन्य गृहस्थी का सामान उपहार स्वरूप दिया जाएगा। बाल विवाह रोकने प्रशासन अलर्ट: कंट्रोल रूम और फ्लाइंग स्क्वॉड सक्रिय अक्षय तृतीया के मौके पर बाल विवाह रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशन में जिलेभर में निगरानी बढ़ाई गई है। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम (0751-2990969) 24 घंटे सक्रिय है। संदिग्ध मामलों पर कार्रवाई के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड भी तैनात किए गए हैं। बैंड-बाजा से टेंट हाउस तक सख्त निर्देश प्रशासन ने बैंड, हलवाई, टेंट हाउस और प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे विवाह से पहले वर-वधु के आयु प्रमाण पत्र की जांच जरूर करें। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को संभावित बाल विवाह वाले परिवारों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। अपील: बाल विवाह की सूचना तुरंत दें, पहचान रहेगी गोपनीय जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध जानकारी पर तुरंत कंट्रोल रूम या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Source link