23 एकड़ जमीन अतिक्रमण मुक्त, पर ‘कब्र खोद दूंगा…’ कहने वाले साहब बुरे फंसे!

23 एकड़ जमीन अतिक्रमण मुक्त, पर ‘कब्र खोद दूंगा…’ कहने वाले साहब बुरे फंसे!


Last Updated:

Khandwa News: खंडवा के नरलाय में 23 एकड़ जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है. इस कार्रवाई के दौरान “कब्र खोदने” की धमकी देने वाले रेंजर शंकर सिंह चौहान की मुश्किलें बढ़ गई हैं, क्योंकि विभाग ने उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी है. जानें पूरा मामला…

Zoom

जमीन अतिक्रमण मुक्त मामले में फंसे फॉरेस्ट रेंजर.

Khandwa News: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां पुनासा क्षेत्र के नरलाय में वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाकर 23 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया है. लेकिन, यह कार्रवाई जमीन से ज्यादा रेंजर के एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में आ गई है.

रेंजर की धमकी ने खड़ा किया विवाद
कार्रवाई के दौरान रेंजर शंकर सिंह चौहान का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया था. उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था, “ज्यादा फालतू मत करना, यहीं कब्र खोद दूंगा, गांव वाले देखते रह जाएंगे.” रेंजर का यह ‘कब्र खोदने’ वाला बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद वन विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है. अब रेंजर के खिलाफ जांच के लिए एक दल बना दिया गया है. उन पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

तीन दिन चला महा-अभियान
नरलाय में इस जमीन को खाली कराने के लिए प्रशासन, पुलिस और वन विभाग ने मिलकर मोर्चा संभाला था. मांधाता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में पिछले तीन दिन से लगातार कार्रवाई जारी थी. आखिरकार 23 एकड़ (लगभग 9.36 हेक्टेयर) जमीन से अवैध कब्जा हटा दिया गया.

9 हजार पौधों से सजेगी जमीन
वन विभाग ने अतिक्रमण हटाने के साथ ही इस जमीन को विकसित करने का प्लान भी तैयार कर लिया है. विभाग का लक्ष्य इसे फिर से जंगल बनाना है. यहां सागौन, करंज, नीम और बांस जैसी अलग-अलग प्रजातियों के 9 हजार से ज्यादा पौधे रोपे जाएंगे. जमीन में नमी और पानी बचाने के लिए 10 हजार से अधिक ‘कंटूर ट्रेंच’ (गड्ढे) पहले ही खोदे जा चुके हैं.

क्यों हुई कार्रवाई?
बताया जा रहा कि ‘अद्वैत लोक’ परियोजना के लिए वन विभाग की कुछ जमीन ली गई थी. उसी के बदले में विभाग को खंडवा कलेक्टर द्वारा नरलाय क्षेत्र में यह जमीन आवंटित की गई थी. अपनी इसी जमीन को सुरक्षित करने के लिए विभाग ने यह बड़ी कार्रवाई की है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link