दतिया जिले के बड़ौनी कस्बा स्थित सीएम राइज सांदीपनी स्कूल में 21 से 24 अप्रैल तक चलने वाले जनगणना प्रशिक्षण के पहले दिन भारी अव्यवस्था देखने को मिली। यहां प्रशिक्षण में शामिल करीब 90 शिक्षकों को भीषण गर्मी में अचानक बिजली गुल होने के कारण बिना कूलर और पंखे के घंटों परेशान होना पड़ा। तहसील कार्यालय के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर टेकनीशियन को बुलाया है और फॉल्ट को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं शिक्षकों ने बिना पूर्व निरीक्षण के कक्षाएं लगाने पर नाराजगी जताई है। एक की लाइट चालू करने पर दूसरे कमरे में हो रहा था फॉल्ट जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण के लिए जिन कमरों में कक्षाएं लगाई गई थीं, वहां अचानक बिजली गुल हो गई। इस भीषण गर्मी और उमस के बीच शिक्षकों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे कमरों में भी शिफ्ट नहीं किया गया। उन्हें उसी हालात में बैठकर प्रशिक्षण लेना पड़ा। तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए तत्काल तकनीशियन को बुलाया गया, लेकिन समस्या जल्दी हल नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि जैसे ही एक कमरे की बिजली चालू की जाती, दूसरे कमरे में फॉल्ट आ जाता था। इस खामी के कारण पूरे दिन अव्यवस्था बनी रही। तहसील कर्मचारी बोले- फॉल्ट सुधारने का प्रयास जारी अव्यवस्था की जानकारी मिलने पर तहसील कार्यालय से भी कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तहसील कार्यालय के कर्मचारी हेमंत चतुर्वेदी ने बताया, “तकनीशियन को बुलाकर समस्या को समझने और ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फॉल्ट का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।” शिक्षकों का आरोप- पहले से नहीं जांची गईं व्यवस्थाएं जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए आयोजित इस प्रशिक्षण में सामने आई इस लापरवाही ने कई सवाल खड़े किए हैं। परेशान शिक्षकों का कहना है कि यदि कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही व्यवस्थाओं का ठीक से निरीक्षण कर लिया जाता, तो उन्हें इस भीषण गर्मी में इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
Source link