अशोकनगर जिले के नईसराय थाना क्षेत्र के डुगासरा गांव में नरवाई जलाने से लगी आग ने एक किसान को भारी नुकसान पहुंचाया है। बुधवार को हुई इस घटना में किसान महावीर सिंह रघुवंशी का ट्रैक्टर, भूसा बनाने की मशीन और सिंचाई के पाइप जलकर खाक हो गए। पीड़ित किसान को करीब 12 लाख रुपये का अनुमानित नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, किसान यशवंत रघुवंशी अपने खेत में नरवाई जला रहे थे। इसी दौरान तेज हवा चलने के कारण आग की लपटें बेकाबू हो गईं और पड़ोसी किसान महावीर सिंह रघुवंशी के खेत तक पहुंच गईं। दमकल पहुंचने से पहले ही ट्रैक्टर जला
आग इतनी भीषण थी कि दमकल वाहन के मौके पर पहुंचने से पहले ही महावीर सिंह का ट्रैक्टर और भूसा बनाने की मशीन लगभग 75 प्रतिशत तक जल चुके थे। इसके अतिरिक्त, खेत में रखे 15 सिंचाई पाइप और ट्रैक्टर की टूल किट में रखे महत्वपूर्ण कागजात भी जलकर राख हो गए। पीड़ित किसान महावीर सिंह ने नईसराय थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने आवेदन में बताया है कि इस अग्निकांड से उन्हें लगभग 12 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। प्रशासन की अपील के बावजूद जारी है लापरवाही
प्रशासन द्वारा लगातार किसानों से नरवाई न जलाने की अपील की जा रही है। गर्मी के मौसम में तेज हवाओं के कारण नरवाई की आग अक्सर बेकाबू होकर जान-माल के लिए बड़ा खतरा बन जाती है।
Source link