दूल्हे की घोड़ी चढ़ाई पर भड़के दबंग, उतारकर लाठी-डंडों से पीटा, बहन को भी नहीं बख्शा!

दूल्हे की घोड़ी चढ़ाई पर भड़के दबंग, उतारकर लाठी-डंडों से पीटा, बहन को भी नहीं बख्शा!


Last Updated:

Damoh Dulha Pitai: दमोह में दूल्हे के साथ मारपीट की एक गंभीर घटना सामने आई है. हटा थाना क्षेत्र के बिजोरी पाठक गांव में घुड़चढ़ी (रछवाई) के दौरान कुछ दबंगों ने हमला कर दिया. दूल्हे को जबरन घोड़ी से उतारकर पीटा गया और उसकी बहन के साथ…

Zoom

AI Image

Damoh News: दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां के बिजोरी पाठक गांव में मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शादी की खुशियां अचानक हिंसा में बदल गईं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 23 वर्षीय गोलू अहिरवार (दलित) की बारात छतरपुर जिले के बक्सवाहा क्षेत्र के बूढ़ी सेमरा गांव जाने वाली थी. बारात रवानगी से पहले गांव में पारंपरिक रूप से दूल्हे की ‘घोड़ी चढ़ाई’, जिसे स्थानीय भाषा में ‘रछवाई’ कहते हैं, निकाली जा रही थी.

घोड़ी से उतरने का बनाया दबाव
परिजनों का आरोप है कि जैसे ही दूल्हे की रछवाई गांव के एक खास मोहल्ले से गुजरी, वहां मौजूद कुछ दबंगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. उन लोगों ने दूल्हे को तुरंत घोड़ी से नीचे उतरने के लिए कहा. जब दूल्हे के परिजनों ने इस बात का विरोध किया और मना कर दिया, तो आरोपी हिंसक हो उठे.

लाठी-डंडों से हमला
मामला इतना बढ़ा कि आरोपियों ने गोलू को जबरन घोड़ी से नीचे उतार दिया. इसके बाद उन्होंने दूल्हे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और उसकी जमकर पिटाई की. इस अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

बहन के साथ भी मारपीट और लूट
बताया जा रहा कि बीच-बचाव करने आई दूल्हे की बहन मनीषा को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा. उनके साथ भी जमकर मारपीट की गई. पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस हंगामे और छीना-झपटी के दौरान मनीषा के पहने हुए जेवर भी गायब हो गए हैं.

पुलिस सुरक्षा में गई बारात
घटना के तुरंत बाद अहिरवार समाज के लोग इकट्ठा होकर हटा थाने पहुंचे और विरोध दर्ज कराया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया. पुलिस की मौजूदगी में दोबारा रछवाई रस्म पूरी कराई गई और बारात को सुरक्षा के साथ छतरपुर के लिए रवाना किया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link