नैनपुर में गेहूं तुलाई ठप होने पर चक्काजाम: 3 घंटे बाधित रहा मंडला-सिवनी मार्ग; प्रशासन के आश्वासन के बाद माने किसान – Mandla News

नैनपुर में गेहूं तुलाई ठप होने पर चक्काजाम:  3 घंटे बाधित रहा मंडला-सिवनी मार्ग; प्रशासन के आश्वासन के बाद माने किसान – Mandla News




मंडला जिले के नैनपुर में गेहूं उपार्जन केंद्र पर फसल रिजेक्ट करने से नाराज किसानों ने गुरुवार को ग्राम निवारी में मंडला-सिवनी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि सर्वेयर द्वारा बार-बार गेहूं को रिजेक्ट किया जा रहा था और केंद्रों पर तुलाई कार्य बंद था। इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। गुणवत्ता नियमों में छूट की जानकारी न होने से विवाद एसडीएम आशुतोष महादेव ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाया कि शासन द्वारा गेहूं की गुणवत्ता में दी गई छूट की जानकारी निचले स्तर के कर्मचारियों तक नहीं पहुंच पाने के कारण उपज रिजेक्ट हो रही थी। उन्होंने तत्काल निर्देश दिए कि नए दिशा-निर्देशों के आधार पर ही खरीदी की जाए। इसके बाद अधिकारियों ने पुष्पा वेयरहाउस का निरीक्षण कर तुलाई कार्य सुचारू करने के आदेश दिए। सुबह 8 से रात 8 बजे तक होगी खरीदी प्रशासन ने केंद्रों पर तुलाई के लिए कांटों की संख्या बढ़ाने और रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अब केंद्रों पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक गेहूं की खरीदी जारी रहेगी। एसडीएम और खाद्य विभाग के अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त किया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि पुनः तुलाई रोकी गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।



Source link