राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में पुलिया पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को 37 दिन बाद गिरफ्तार किया है। इस घटना में घायल पीड़ित को 16 दिन बाद अस्पताल में होश आया था, जिसके बाद मामला दर्ज किया जा सका। पुलिस के अनुसार, ग्राम रामगढ़ निवासी होकम सिंह (47) ने 1 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 मार्च की रात करीब 7:30 बजे वह अपने रिश्तेदार कमल सिंह को बाइक से उसके गांव छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान छापी नदी की पुलिया के पास आरोपी ने उनकी जेब से पर्स निकाल लिया। जब होकम सिंह ने विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें धक्का दे दिया। इससे वह पुलिया के नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश हो गए। नकदी समेत कागज लूट फरार हो गया था
होकम सिंह को 30 मार्च को अस्पताल में होश आया। उनके पर्स में 5 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस था, जिसे आरोपी लूटकर फरार हो गया था। रिपोर्ट के आधार पर माचलपुर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 21 अप्रैल को आरोपी कमल सिंह राजपूत (54) निवासी अरनिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई 5 हजार रुपए की नकद राशि बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आदित्य सोनी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Source link