MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
मध्य प्रदेश में पराली जलाने के सबसे ज्यादा मामले, 1 से 23 अप्रैल के बीच 25 हजार से अधिक घटनाएं दर्ज
भोपाल में सामने आए आंकड़ों के अनुसार मध्यप्रदेश गेहूं की पराली जलाने के मामलों में सबसे आगे है. 1 से 23 अप्रैल के बीच राज्य में कुल 25,144 मामले दर्ज किए गए हैं. सबसे अधिक घटनाएं विदिशा जिले में 2086, उज्जैन में 2053 और रायसेन में 1982 सामने आई हैं. इसके बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब का स्थान आता है, जहां यूपी में 10,604, हरियाणा में 175 और पंजाब में 117 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गई हैं.
भोपाल में पुलिसिंग का नया प्रयोग, टू आईसी मॉडल लागू, एक थाने में दो निरीक्षक करेंगे काम
भोपाल में पुलिस कमिश्नरेट के तहत नया टू आईसी मॉडल लागू किया जा रहा है, जिसमें एक थाने में दो निरीक्षक मिलकर काम करेंगे. इसे पुलिसिंग में सुधार के लिए पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है. पहले चरण में निशातपुरा और हबीबगंज थाने शामिल हैं, जबकि दूसरे चरण में कोहेफिजा और पिपलानी थानों को जोड़ा जाएगा. इसके बाद यह व्यवस्था राजधानी के अन्य थानों में भी लागू की जाएगी.
मध्य प्रदेश में 10 दिन में 100 गुमशुदगी के मामले, 98 लोग अब भी लापता
भोपाल में सामने आए पुलिस डेटा के अनुसार पिछले 10 दिनों में मध्यप्रदेश में 100 गुमशुदगी के मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें से 2 लोग मिल चुके हैं जबकि 98 अब भी लापता हैं. इनमें सबसे अधिक मामले 14 से 25 वर्ष की लड़कियों के हैं. आशंका जताई जा रही है कि इसमें अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय हो सकता है, जिसमें देह व्यापार और मानव तस्करी की संभावना भी शामिल है. पहले भी मध्य प्रदेश से गायब हुई लड़कियों को राजस्थान और पाकिस्तान सीमा के करीब के इलाकों से बरामद किया जा चुका है.
सीएम मोहन यादव आज NDDB बैठक में होंगे शामिल, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर होगी चर्चा
भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव आज NDDB की बैठक में शामिल होंगे। यह बैठक सुबह 10 बजे सीएम हाउस में आयोजित की जाएगी. मध्य प्रदेश और NDDB के बीच वर्ष 2024 से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए करार हुआ है, जिस पर इस बैठक में चर्चा की जाएगी.
सक्ती में नकाबपोशों ने घर में घुसकर चलाई गोली, एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
सक्ती जिले के करही गांव में अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने घर में घुसकर दो सगे भाइयों पर गोली चला दी. इस घटना में बड़े भाई आयुष कश्यप की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई आशुतोष कश्यप गंभीर रूप से घायल है. वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है. पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं, वहीं पुलिस और साइबर सेल की टीमें मामले की गहन जांच में जुटी हैं. जिले में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है.
दुर्ग में बुजुर्ग महिला से 7 लाख की डिजिटल अरेस्ट ठगी
दुर्ग में एक बुजुर्ग महिला से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 7 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपियों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर महिला को डराया-धमकाया और अवैध बैंक लेनदेन का डर दिखाकर पैसे ट्रांसफर करा लिए. पैसे लौटाने का झांसा देने के बाद जब रकम वापस नहीं मिली, तो पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
50 साल पुरानी शराब दुकान पर बवाल, हटाने की मांग पर अड़ी महिलाएं
नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड 12 में स्थित 50 साल पुरानी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाओं का आंदोलन तेज हो गया है. घनी आबादी में दुकान होने से परेशान महिलाएं पिछले दो हफ्तों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठी हैं. वहीं, आबकारी विभाग दुकान को नियमों के तहत संचालित बताते हुए बिक्री जारी रखने पर जोर दे रहा है, जिससे प्रशासन और महिलाओं के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है.
रायसेन में मशहूर रेस्टोरेंट के डोसे में मिला मरा कॉकरोच, वीडियो वायरल के बाद मचा हड़कंप
रायसेन के एक मशहूर “हम फ्रेश” रेस्टोरेंट में डोसे में मरा हुआ कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया है. अधिवक्ता अरुण मिरोठा और उनके साथियों को परोसे गए खाने में यह लापरवाही देखी गई, जिसके बाद उन्होंने कार्रवाई की मांग की. घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिससे लोगों में रेस्टोरेंट की साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है.