राजगढ़ के दंड गांव में वारंट तामील करने गए एक प्रधान आरक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दंपती ने पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी, तलवार दिखाकर धमकाया, मोबाइल छीन लिया और कोर्ट का समन भी फाड़ दिया। घटना के बाद चार थानों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक मांगीलाल लोधा एक मारपीट के मामले में कोर्ट का नोटिस तामील कराने दंड गांव पहुंचे थे। वे अकेले ही आरोपी रामबिलास तंवर के घर पहुंचे थे। शुरुआत में उन्हें घर के अंदर बुलाकर दस्तावेज लेने की बात कही गई। आरोप है कि घर के अंदर मौजूद मेवाबाई ने पुलिसकर्मी के साथ झूमाझटकी शुरू कर दी और उनकी वर्दी फाड़ दी। इसी दौरान रामबिलास तंवर तलवार लेकर आ गया और पुलिसकर्मी को धमकाने लगा। इसके बाद दोनों ने मिलकर लाठी, लात-घूंसों से मारपीट की। मोबाइल छीना, समन फाड़ा और सड़क पर घेराबंदी आरोपियों ने पुलिसकर्मी का मोबाइल छीन लिया और कोर्ट से जारी समन को फाड़ दिया। किसी तरह पुलिसकर्मी वहां से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन आरोपियों ने चौराहे पर उन्हें घेरकर रोकने की कोशिश भी की। घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़, खिलचीपुर, छापीहेड़ा और भोजपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गांव में घेराबंदी कर आरोपी रामबिलास तंवर और मेवाबाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, मोबाइल छीनने और हथियार से धमकाने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link