सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र के झिंगोदर में पुलिस ने गांजा की खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 325 हरे पौधे जब्त किए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी बृजभान सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी। झिंगोदर की नईबस्ती निवासी रामनरेश पुत्र लख्खू कोल (60 वर्ष) के खेत पर स्थित बगिया में दबिश दी गई। तलाशी के दौरान वहां गांजा के पौधे लहलहाते पाए गए। पुलिस टीम ने कुल 325 हरे पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया। इन पौधों का कुल वजन 9 किलो 500 ग्राम था, जिसकी अनुमानित कीमत 47 हजार 500 रुपए आंकी गई है। आरोपी रामनरेश कोल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एएसआई प्रहलाद कुशवाहा, प्रधान आरक्षक आशीष तिवारी, विनोद मिश्रा, अर्पित सेन, आरक्षक रवीन्द्र रैकवार और भरत बागरी की अहम भूमिका रही।
Source link