मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन में आ रही समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ (BKS) जिला धार ने प्रदेशभर में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ का कहना है कि 7 से 24 अप्रैल तक केवल छोटे किसानों के स्लॉट बुक होने से 2 हेक्टेयर से अधिक जमीन वाले किसानों को समर्थन मूल्य (MSP) से 300 से 400 रुपए कम दाम पर मंडी में गेहूं बेचना पड़ रहा है। वर्तमान में संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह अंजना ने शनिवार को अल्टीमेटम दिया है कि यदि सरकार ने खरीदी नीति स्पष्ट कर बड़े किसानों का गेहूं नहीं खरीदा, तो 30 अप्रैल के बाद जिला और तहसील मुख्यालयों पर गेहूं से भरी ट्रॉलियां लाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। 10 अप्रैल से शुरू हुई खरीदी, केवल छोटे किसानों के स्लॉट बुक संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, इस बार गेहूं उपार्जन प्रक्रिया पूरी तरह अव्यवस्थित रही है। सरकार ने 16 मार्च 2026 से लगातार तारीखें बढ़ाईं और अंततः 10 अप्रैल से खरीदी शुरू की गई। इसके बावजूद 7 अप्रैल से 24 अप्रैल तक केवल छोटे किसानों के स्लॉट ही बुक किए जा रहे हैं। खरीदी केंद्रों पर भी उपज की मात्रा सीमित कर दी गई है। स्लॉट बुक नहीं होने के कारण बड़े किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 300 से 400 रुपए कम में मंडी में गेहूं बेचने को मजबूर किसान किसान संघ ने मांग रखी है कि 2 हेक्टेयर से अधिक पंजीयन वाले किसानों का भी गेहूं न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। सरकार को सभी पंजीकृत किसानों की उपज का पूरा उपार्जन सुनिश्चित करना चाहिए। संघ का कहना है कि स्लॉट बुक न होने के कारण कई किसान मजबूरी में मंडियों में समर्थन मूल्य से 300 से 400 रुपए कम दाम पर अपना गेहूं बेच रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बोनस और नरवाई के मुद्दों पर भी असंतोष, 30 के बाद उग्र आंदोलन भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह अंजना ने शनिवार को कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन पूरे मध्य प्रदेश में आंदोलन करेगा। इसी कड़ी में धार जिले में भी 30 अप्रैल 2026 के बाद जिला और तहसील मुख्यालयों पर गेहूं से भरी ट्रॉलियां लाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने स्पष्ट किया है कि गेहूं पर कम बोनस, लैंड पूलिंग और नरवाई जलाने पर कार्रवाई जैसी समस्याओं को लेकर किसानों की लगातार अनदेखी की जा रही है। समय रहते समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। चेतावनी देने के दौरान जिला अध्यक्ष यशवंत मुकाती, जिला मंत्री अमोल पाटीदार, राजेंद्र पाटीदार और विष्णु मुकाती सहित बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link