कमीशन मांगने का ऑडियो फिर भी कार्रवाई नहीं: दतिया में सीएचओ बोलीं- वेतन जारी कराने मानसिक प्रताड़ित किया – datia News

कमीशन मांगने का ऑडियो फिर भी कार्रवाई नहीं:  दतिया में सीएचओ बोलीं- वेतन जारी कराने मानसिक प्रताड़ित किया – datia News




दतिया जिले के स्वास्थ्य विभाग में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. बी.के. वर्मा पर विभिन्न अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। बीते महीनों में सामने आए मामलों में कथित ऑडियो-वीडियो और अधीनस्थ अधिकारी की शिकायत के बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई लंबित है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, हाल ही में एक कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसमें लेन-देन से संबंधित बातचीत सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि दैनिक भास्कर इसकी पुष्टि नहीं करता। इसके अलावा, एक महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) डॉ. नेहा श्रीवास्तव ने वेतन जारी करने के संबंध में दबाव और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इसी बीच हाउसकीपिंग टेंडर से जुड़ा विवाद भी सामने आया, जिसमें एक कंपनी ने अपनी बोली खारिज किए जाने पर नियमों के गलत अनुप्रयोग का आरोप लगाया है। कंपनी के अनुसार, निविदा मूल्यांकन में समय-सीमा के अनुसार लागू मजदूरी दरों के बजाय बाद की दरों को आधार बनाया गया। डॉ. नेहा श्रीवास्तव का कहना है कि उनके पास ड्यूटी से संबंधित पर्याप्त प्रमाण हैं, इसके बावजूद उन्हें अनुपस्थित दर्शाया गया। उन्होंने विभागीय स्तर पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। टेंडर से जुड़ी कंपनी ने ई-मेल के माध्यम से शिकायत करते हुए प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। वहीं, वायरल ऑडियो और वीडियो को लेकर आधिकारिक स्तर पर पुष्टि या खंडन सामने नहीं आया है। संबंधित अधिकारियों की ओर से सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है। हाउसकीपिंग टेंडर मामले की जांच क्षेत्रीय संयुक्त संचालक को सौंपी गई है, जो लंबित बताई जा रही है। वायरल ऑडियो और वीडियो प्रकरण में भी अब तक कोई औपचारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है। प्रशासनिक स्तर पर मामलों की समीक्षा जारी होने की जानकारी दी जा रही है।



Source link