ग्वालियर में रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे युवकों की कार का सामने से आ रही दूसरी कार से विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। घटना बिजौली थाना क्षेत्र के हसनपुरा पुलिया पर शनिवार रात की है। गोला का मंदिर जड़ेरुआ निवासी विकास ऐसवार अपने भाई आकाश और दोस्तों के साथ कार से हसनपुरा जा रहे थे। पुलिया पर सामने से आ रही कार के कारण वाहन फंस गया। रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष के रघुवीर और उसके साथी लाखन, हिमांशु, सोवरन, हाकिम सिंह और गंभीर सिंह जाटव भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट करने लगे। विवाद के बीच रघुवीर पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग होते ही विकास और आकाश के साथी जान बचाकर भाग निकले। दोनों किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मारपीट और फायरिंग का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
Source link