Last Updated:
वेस्टइंडीज को टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने वाले कार्लोस ब्रेथवेट ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर बीसीसीआई से खास अपील की है. उन्होंंने कहा कि फिलहाल उनको डेब्यू का मौका नहीं देना चाहिए. टीम के सीनियर के साथ समय बिताने का मौका दिया जाए जैसा कभी वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने ब्रायन लारा के साथ किया था.
वैभव सूर्यवंशी को अभी टीम इंडिया में डेब्यू करने नहीं देना… बीसीसीआई को कार्लोस ब्रेथवेट का मैसेज
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में ताबड़तोड़ रन बना रहे वैभव सूर्यवंशी ने पिछले एक साल में गजब का खेल दिखाया है. उन्होंने अजित अगरकर और ऑल इंडिया सीनियर मेन्स कमेटी के बाकी सदस्यों के लिए खुद को नजरअंदाज करना बेहद मुश्किल बना दिया है. खासकर इस साल आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए उनकी दावेदारी मजबूत है.
15 साल के वैभव ने शनिवार को आईपीएल के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 36 गेंद में शतक जड़ दिया. अब पैट कमिंस भी उनके फैन बन गए हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ने युवा खिलाड़ी की जमकर तारीफ की और कहा कि सूर्यवंशी उनके “नए पसंदीदा खिलाड़ी” हैं.
कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने पहले ही इस बात पर चर्चा की है कि सूर्यवंशी को भारत की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलनी चाहिए. वह भारत के सबसे युवा डेब्यूटेंट बन सकते हैं. वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कार्लोस ब्रैथवेट चाहते हैं कि भारतीय टीम मैनेजमेंट थोड़ा संयम बरते और सूर्यवंशी को टॉप लेवल के माहौल से पहले अवगत कराए, उसके बाद ही उन्हें डेब्यू का मौका दे.
ब्रैथवेट चाहते हैं कि भारतीय टीम सूर्यवंशी के साथ वही व्यवहार करे जैसा ब्रायन लारा के साथ किया गया था. गौर करने वाली बात है कि शुरुआती कुछ सालों में लारा को अगली बड़ी चीज माना जा रहा था. उन्हें पहले टीम में शामिल किया गया और विवियन रिचर्ड्स के साथ समय बिताने का मौका दिया गया. जब वह माहौल को समझ गए, तब उन्हें वेस्टइंडीज के लिए डेब्यू कराया गया.
ब्रैथवेट ने ESPNcricinfo के TimeOut शो में कहा, “माफ करना वैभव, लेकिन अगर आप देखें कि वेस्टइंडीज ने ब्रायन लारा के साथ कैसे व्यवहार किया. वह एक जेनरेशन का टैलेंट था, सब जानते थे. तो वेस्टइंडीज ने क्या किया? उन्हें विव रिचर्ड्स के साथ टीम में रखा, लेकिन उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला. वह अलग समय था, कई टूर गेम्स होते थे. उन्होंने सीनियर खिलाड़ियों के साथ समय बिताया, बिना डेब्यू किए. और फिर हम जानते हैं कि डेब्यू के बाद उनका करियर कैसा रहा.”
उन्होंने आगे कहा, “आप उन्हें भारतीय टीम के साथ रख सकते हैं. विराट कोहली से सीखें, रोहित शर्मा से सीखें, सूर्यकुमार यादव से सीखें. ऐसे युवा खिलाड़ी भी हैं जो उम्र में उनके करीब हैं, उनसे भी सीख सकते हैं, बिना उन्हें सीधे गहरे पानी में फेंके.”
About the Author
विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें