रायसेन में बुजुर्ग के साथ अमानवीय कृत्य करने वाले फरार तीन आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बुजुर्ग का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की थी और जबरन पेशाब पिलाकर उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। घटना 28 मार्च 2026 की सुबह करीब 4 बजे की है। फरियादी बिहारीलाल बंजारा (60), निवासी ग्राम मालखो, जंगल में शौच के लिए गए थे। इसी दौरान आरोपी वाहन से पहुंचे और उनके बेटे द्वारा एक लड़की को भगाने की बात कहकर उन्हें जबरन उठा ले गए। मारपीट कर जबरन पिलाया पेशाब, वीडियो किया वायरल आरोपी बुजुर्ग को ब्यावरा-राजगढ़ रोड पर ग्राम बामलावे जोड़ के पास ले गए, जहां उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोपियों ने अमानवीयता की हद पार करते हुए उन्हें जबरन पेशाब पिलाया और घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इस मामले में 24 अप्रैल 2026 को थाना देहात ब्यावरा (जिला राजगढ़) में प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ही 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फरार तीन आरोपी काला झिरन से पकड़े गए शेष तीन आरोपी भद्दा बंजारा, मलखान बंजारा और कल्लू बंजारा को ग्राम काला झिरन (थाना उमरावगंज क्षेत्र) से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के मार्गदर्शन और एसडीओपी प्रतिभा शर्मा व थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश की गई।
Source link