कौन हैं ACP संजय सिंह? गूगल मैप्स को दी मात, सूझबूझ से बचाई लुंगी एनगिडी की जान

कौन हैं ACP संजय सिंह? गूगल मैप्स को दी मात, सूझबूझ से बचाई लुंगी एनगिडी की जान


Last Updated:

ACP Sanjay Singh Delhi Traffic Police: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एसीपी संजय सिंह सुर्खियों में हैं. उन्होंने आईपीएल 2026 के दौरान साउथ अफ्रीकी गेंदबाज लुंगी एनगिडी की जान बचाने के लिए जिस तरह ‘ग्रीन कॉरिडोर’ बनाकर उन्हें महज 11 मिनट में अस्पताल पहुंचाया, उसने उन्हें असली हीरो बना दिया है.

Zoom

ACP Sanjay Singh Delhi: दिल्ली ट्रैफिक एसीपी संजय सिंह ने अपनी सूझबूझ से एक खिलाड़ी की जान बचा ली

नई दिल्ली (ACP Sanjay Singh Delhi Traffic Police). दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक चरम सीमा पर हो तो 10 किलोमीटर का रास्ता अक्सर 45 मिनट से 1 घंटे में तय हो पाता है. लेकिन शनिवार शाम को कुछ ऐसा हुआ जिसने दिल्ली पुलिस पर गर्व करने का नया कारण दे दिया. IPL 2026 के एक मैच के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी गंभीर रूप से चोटिल हो गए. सिर और गर्दन में चोट इतनी गहरी थी कि उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाना जरूरी था. यहां एंट्री हुई एसीपी संजय सिंह की, जिन्होंने गूगल मैप्स के एल्गोरिदम को दरकिनार कर अपनी सूझबूझ से असंभव काम को मुमकिन कर दिखाया.

एसीपी संजय सिंह कोई साधारण पुलिस अफसर नहीं हैं. वे खुद शानदार पूर्व क्रिकेटर रहे हैं. उन्होंने खेल के मैदान पर गौतम गंभीर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के साथ पसीना बहाया है. शायद यही वजह थी कि जैसे ही उन्होंने लुंगी एनगिडी को मैदान पर गिरते देखा, एक खिलाड़ी के नाते वे समझ गए कि यह चोट कितनी घातक हो सकती है. उन्होंने बिना वक्त गंवाए अपनी टीम और कंट्रोल रूम को अलर्ट किया और फिर शुरू हुआ ‘मिशन 11 मिनट्स’, जिसने लुंगी एनगिडी की जान बचाई. सोशल मीडिया पर हर जगह एसीपी संजय सिंह की तारीफ हो रही है.

क्रिकेटर से पुलिस अफसर बने एसीपी संजय सिंह

संजय सिंह दिल्ली पुलिस में ACP (Traffic, Central District) के पद पर तैनात हैं. उनकी सबसे बड़ी खूबी है कि वे प्रोफेशनल क्रिकेटर रह चुके हैं. उन्होंने दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेला है और मैदान पर विराट कोहली और गौतम गंभीर जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया है. दिल्ली की गलियों और सड़कों की उन्हें इतनी गहरी समझ है कि लुंगी एनगिडी के मामले में उन्होंने एम्बुलेंस ड्राइवर को वह रास्ता बताया, जो गूगल मैप्स पर भी ‘ब्लॉक’ दिखा रहा था, लेकिन वे जानते थे कि वहां से निकलना आसान होगा.

पढ़ाई-लिखाई और परीक्षा: कैसे बने पुलिस अफसर?

संजय सिंह दिल्ली पुलिस में अपनी सेवाएं दो दशकों से भी अधिक समय से दे रहे हैं. उन्हें दिल्ली पुलिस (DANIPS/State Police Service) कैडर का अधिकारी बताया जा रहा है. आमतौर पर दिल्ली पुलिस में अधिकारी बनने के लिए अभ्यर्थी SSC CPO (Sub-Inspector) की परीक्षा पास करते हैं या फिर UPSC (Civil Services) के माध्यम से DANIPS कैडर चुनते हैं. संजय सिंह अपने अनुभव और शानदार सर्विस रिकॉर्ड के आधार पर प्रमोट होकर ACP के पद तक पहुंचे हैं. फिलहाल उनकी पढ़ाई-लिखाई या परीक्षा में रैंक की जानकारी उपलब्ध नहीं है.

खिलाड़ी होने के नाते समझी इमर्जेंसी

संजय सिंह का परिवार दिल्ली में ही रहता है. खिलाड़ी होने के नाते वे फिट रहने और स्पोर्ट्समैन स्पिरिट को अपनी ड्यूटी में शामिल करने के लिए जाने जाते हैं. उनके सहकर्मी बताते हैं कि वे अक्सर ड्यूटी के बाद भी खेल की बारीकियों पर चर्चा करते हैं. लुंगी एनगिडी की चोट के समय उनकी ‘क्रिकेटर वाली सहज बुद्धि’ (Cricketer’s Instinct) काम आई. उन्होंने कहा, मैं खेल चुका हूं. इसलिए जानता था कि ऐसी चोट जानलेवा हो सकती है. मैंने ड्राइवर से कहा कि मैप छोड़ो और मेरे बताए रास्ते पर चलो.

वो 11 मिनट: जब थम गई थी दिल्ली की रफ्तार

कोटला स्टेडियम से राजेंद्र नगर के BLK मैक्स अस्पताल की दूरी लगभग 10 किलोमीटर है. शनिवार शाम 6:16 बजे एम्बुलेंस निकली और 6:27 बजे अस्पताल पहुंच गई. डीसीपी निशांत गुप्ता के मार्गदर्शन में करीब 60 पुलिसकर्मियों ने वायरलेस सेट पर तालमेल बिठाया. यह पहली बार था जब बिना किसी पूर्व तैयारी के महज कुछ मिनटों में ‘ग्रीन कॉरिडोर’ तैयार किया गया. आज पूरा क्रिकेट जगत एसीपी संजय सिंह की तारीफ कर रहा है.

About the Author

Deepali PorwalSenior Sub Editor

Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें



Source link