सतना में 44.4°C पहुंचा पारा, 7 साल का रिकॉर्ड टूटा: अप्रैल में सर्वाधिक गर्मी दर्ज, बूंदाबांदी की संभावना – Satna News

सतना में 44.4°C पहुंचा पारा, 7 साल का रिकॉर्ड टूटा:  अप्रैल में सर्वाधिक गर्मी दर्ज, बूंदाबांदी की संभावना – Satna News




सतना में सोमवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने अप्रैल माह में पिछले सात साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। भीषण गर्मी के बाद मंगलवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। देर रात जिले के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। इससे पहले, वर्ष 2019 और 2022 की 30 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। हालांकि, यह तापमान अभी भी 19 अप्रैल 2010 के 45 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड से कम है। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था। इस दौरान 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं। सुबह हवा में नमी 30 प्रतिशत और शाम को 18 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में ऊपरी हवा में चक्रवात बनने तथा बंगाल की खाड़ी से दिल्ली तक एक ट्रफ लाइन खिंचने के कारण मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। सतना के आसमान में बादलों की मौजूदगी इसी मौसमी बदलाव का संकेत है। माना जा रहा है कि 1 मई से बादलों का जमावड़ा बढ़ेगा। गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। अप्रैल माह में 7 साल का अधिकतम तापमान 2019: 44.2 (30 अप्रैल)
2020: 40.6 (15 अप्रैल)
2021: 42.8 (30 अप्रैल)
2022:44.2 (30 अप्रैल)
2023:41.0 (19 अप्रैल)
2024:40.7 (19 अप्रैल)
2025:43.6 (21 अप्रैल)
2026: 44.6 (27 अप्रैल)



Source link