अनूपपुर जिले के कोतमा में बुधवार सुबह एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। यह घटना नगरपालिका कोतमा के वार्ड नंबर 6 में स्थित बसंत तिवारी के बाड़े की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान 27 वर्षीय आशीष सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रीवा जिले का रहने वाला था। थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि आशीष पिछले एक महीने से कोतमा में रहकर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहा था। वह बसंत तिवारी के बाड़े में ही किराए से कमरा लेकर रहता था। खिड़की से झांका तो उड़ गए होश बताया जा रहा है कि आशीष ने मंगलवार रात करीब 12 बजे खाना खाया था और बुधवार सुबह भी उसकी किसी से फोन पर बात हुई थी। सुबह करीब 11 बजे जब आकाश तिवारी उसे बुलाने कमरे पर गया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। आधे घंटे तक आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो आकाश ने पीछे की खिड़की से झांककर देखा। अंदर आशीष का शव लोहे के पाइप से लटका हुआ था। कटर से खिड़की काटकर निकाला शव घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। दोपहर में पुलिस ने मृतक के परिजन और मकान मालिक के सामने कटर से खिड़की की जाली कटवाई और कमरे का दरवाजा खोला। इसके बाद शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Source link